BJP के सैकड़ों कार्यकर्ता JDU में हुए शामिल, ललन सिंह बोले- टाल योजना में बिहार सरकार ने अपने खजाने से 1600 करोड़ दिया

पटना। बिहार के लखीसराय जिले के बड़हिया नगर परिषद महावीर जी धर्मशाला में शुक्रवार को जदयू मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष रामानंद मंडल ने किया। वहीं मंच का संचालन प्रखंड जदयू अध्यक्ष कृष्णानंद सिंह ने किया। मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद ललन सिंह, अतिथि के रूप में जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार, पूर्व विधान पार्षद संजय प्रसाद आदि मौजूद थे। सर्वप्रथम भाजपा से जदयू में आये पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया कुमार, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष गोपाल कुमार एवं नीरज कुमार आदि ने कहा कि हमलोग नीतीश कुमार के विकास कार्य से प्रभावित होकर एवं सांसद राजीव रंजन सिंह के विकासशील सोच को लेकर जदयू में सैकड़ों लोगों के साथ शामिल हुये। उक्त अवसर पर ललन सिंह ने पार्टी में शामिल हुये नेताओं व कार्यकर्ताओं को चादर और माला पहनाकर स्वागत करते हुये जदयू की सदस्यता दिलवाई।
मिलन समारोह को संबोधित करते हुये जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिंह ने कहा कि जदयू पार्टी नहीं एक परिवार है, जहां बड़े नेताओं ही नहीं छोटे-छोटे कार्यकर्ताओं को भी सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कन्हैया कुमार से अच्छे संबंध होने के बाद भी इन्होंने पार्टी का साथ नहीं छोड़ा, ऐसा चरित्रवान कार्यकर्ता आज जदयू परिवार में शामिल हुआ है।
बड़हिया बनेगा अनुमंडल
उन्होंने किसानों की मांग पर कहा कि टाल योजना में बिहार सरकार ने अपने खजाने से सोलह सौ करोड़ रुपए दिये हैं। जिसमें तीन सौ करोड़ की राशि का टेंडर हो चुका एवं तीन-चार दिनों में काम भी शुरू हो जायेगा। बड़हिया की जनता द्वारा अनुमंडल की मांग पर उन्होंने कहा कि अभी अनुमंडल नहीं बन रहा है, जब बनेगा तो बड़हिया अनुमंडल बनेगा। ट्रेन ठहराव पर उन्होंने कहा कि आपस में बात कर लें, कहीं एक जगह उसका ठहराव कराया जायेगा।
कलम संस्कृति बिहार में कायम किया
वहीं प्रदेश जदयू प्रवक्ता सह विधान पार्षद नीरज कुमार ने नीतीश सरकार के दर्जनों कामों को बताकर विस्तार से उपलब्धियां गिनाई और कहा कि नीतीश कुमार ने बंदुक संस्कृति मिटाकर कलम संस्कृति बिहार में कायम कर बिहार में अमन-चैन स्थापित किया। इस मौके पर झारखंड दुमका जदयू जिलाध्यक्ष उदय सिंह, अधिवक्ता शशि कुमार, जिप अध्यक्ष टनटन कुमार सहित दर्जनों लोग शामिल थे।

About Post Author

You may have missed