प्रदेश की गर्मी ने तोड़ा 11 सालों का रिकॉर्ड, 22 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी

पटना। बिहार में गर्मी ने पिछले 11 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बुधवार को 10 जिलों में 43 डिग्री से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। इधर, मौसम विभाग ने आज भी 22 जिलों में हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। जिसमें 10 जिलों में सीवियर हीट वेव और 12 जिलों में हीट वेव (यलो अलर्ट) जारी किया है। दरअसल, मानसून में देरी से गर्म पछुआ का दौर जारी रहने के आसार हैं। कुल मिलाकर सूरज की तेज रोशनी, पछुआ और नमी के अभाव में बिहार में भीषण गर्मी का दौर अभी जारी रहेगा। 11 सालों के दौरान बुधवार को बिहार सबसे गर्म रहा है। 38 में 29 जिलों में ऊष्मीय लहर का प्रभाव रहा। इसमें पटना, पूर्णिया, पश्चिम चंपारण, सुपौल, अररिया, भागलपुर के सबौर, पूर्वी चंपारण, शेखपुरा, खगड़िया, कटिहार में सीवियर हीट वेव तो भागलपुर जमुई, भोजपुर, वैशाली सहित 19 जिलों में हीट वेव का असर दिखा। अधिकांश जिलों में 13 से 21 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलीं। इससे 10 जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया। अन्य जिलों में तापमान 41 डिग्री के आसपास रहा। हालांकि बुधवार को सीवियर हीट वेव के बीच पटना समेत पांच स्थानों पर बारिश भी हुई। बीते 24 घंटे के दौरान खगड़िया जिला सबसे गर्म रहा। जहां का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

About Post Author

You may have missed