CM नीतीश बोले- बिहार के हर इलाका में पहुंचेगी स्वास्थ्य सुविधा, विकास के लिए किये जा रहे एक-एक काम

  • तारापुर में जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री, लोगों की समस्याओं के निष्पादन के लिए अधिकारियों को दिये निर्देश

पटना। मुंगेर जिले के तारापुर में जल संसाधन विभाग के निरीक्षण भवन में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के समक्ष लोगों ने क्षेत्रीय समस्याएं, शिकायतों के अलावा इलाके के समुचित विकास से संबंधित अपने-अपने सुझाव रखे। सिंचाई प्रमंडल (तारापुर) के प्रांगण में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति के पास मुख्यमंत्री स्वयं पहुंचे और उनका अभिवादन स्वीकार किया। जन संवाद कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कई समस्यायें एवं सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। वहीं मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्यायें सुनने के बाद उसके निष्पादन के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये।
हर खेत तक पानी पहुंचाने को संकल्पित
जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि उपचुनाव में राजीव कुमार सिंह को जीत दिलाने के लिए आप लोगों को धन्यवाद एवं बधाई देता हूं। मैंने आप लोगों को आश्वस्त किया था कि चुनाव के बाद यहां की समस्याएं जानने के लिए जरुर आऊंगा। मैं आज आपलोगों के बीच हूं। सिंचाई से संबंधित यहां जो काम हो रहे हैं, उनको मैंने आकर आज देखा है। चानकेन नदी पर निर्मित चानकेन गेटेड बीयर का काम 2018 में पूरा हो गया था, उसका आज मैंने एरियल सर्वे किया है। सिंचाई की क्षमता और अधिक बढ़ाने के लिए मैंने अधिकारियों को निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए हमलोग संकल्पित हैं। इसके लिए पूरी योजना बन रही है। आप सभी ने यहां अपनी बातें रखी हैं और जिन्होंने लिखित रूप में भी दिया है, उस पर भी पूरा ध्यान दिया जायेगा, किसी को चिंता करने की जरुरत नहीं है। लोगों का सेवा करना ही हमारा धर्म है।


हर इलाका में पहुंचेगी स्वास्थ्य सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी पूरे बिहार में काफी काम किये गये हैं। मुंगेर जिले में 4 कम्युनिटी हेल्थ सेंटर, 13 एपीएचसी सह एचडब्लूसी, 83 एचएससी (स्वास्थ्य उप केंद्र) का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 100 अस्पतालों की निविदा हो चुकी है। कोई इलाका नहीं बचेगा, जहां स्वास्थ्य की सुविधा उपलब्ध न हो। उन्होंने कहा कि संपूर्ण बिहार में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र में विकास का काम किया जा रहा है। पहले बिहार में सड़कों एवं स्कूलों की क्या स्थिति थी, यह किसी से छुपी हुई नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में कोई पंचायत बाकी नहीं रहेगा, जहां पर इंटर स्तर तक की पढ़ाई की व्यवस्था नहीं होगी।
विकास के लिए एक-एक काम किये जा रहे
लोगों को आश्वस्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे बिहार में विकास के लिए एक-एक काम किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011-12 में समीक्षा के क्रम में हमने देखा कि बिहार का प्रजनन दर 4.3 था, घटकर अब 3 पर आ गया है। हमलोग इसे और घटाकर 2 पर करने में लगे हैं। यदि प्रजनन दर कम नहीं होगा तो आबादी बढ़ेगी और लोगों को कृषि योग्य भूमि पर घर बनाने पड़ेंगे।
तीसरी लहर आने की संभावना, रहें सचेत
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए केंद्र के साथ-साथ राज्य भी अपनी विकास योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण करीब दो साल तक आवागमन बाधित हुआ। अब तीसरी लहर आने की भी संभावना जताई जा रही है इसलिए हम सभी को सचेत रहने की जरुरत है।


एनडीए को हराने में कुछ लोग लगे थे
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी हाल ही में हुए उपचुनाव में किस तरह का हिसाब किताब चल रहा था, यह सभी को मालूम है। एनडीए को हराने के लिए कुछ लोग लगे हुए थे। लेकिन जनता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री ने तारापुर चौक स्थित शहीद स्मारक पर 15 फरवरी 1932 के 34 शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक भवन तारापुर का निरीक्षण कर अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये।
इन्होंने किया संबोधित
जन संवाद कार्यक्रम को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, मंत्री अशोक चौधरी, सम्राट चौधरी और तारापुर के विधायक राजीव कुमार सिंह ने भी संबोधित किया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक ललित नारायण मंडल, मनोज यादव, पूर्व मंत्री शैलेश कुमार, पूर्व विधान पार्षद संजय प्रसाद, सचिव जल संसाधन संजीव हंस, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, सचिव ग्रामीण कार्य पंकज कुमार पाल, आयुक्त मुंगेर प्रमंडल प्रेम सिंह मीणा, जिलाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक जगुनाथरेड्डी जलारेड्डी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, राजग के नेता, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।

About Post Author

You may have missed