मुजफ्फरपुर के मीनापुर में गैस सिलेंडर ब्लास्ट, तीन बच्चों की मौत व मां घायल

मुजफ्फरपुर । जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र के नंदना गांव में गैस सिलेंडर विस्फोट से बड़ा हादसा हुआ। इसमें झुलस कर 3 मासूम बच्चों की मौत हो गई। इन बच्चों की मां घायल हो गई है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गई।

लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी व बालू-मिट्टी फेंककर आग पर काबू पाया। बच्चों की पहचान अशोक साह की पुत्री दीपांजलि (6), पुत्र आदित्य (4) और विवेक (2) के रूप में हुई है।

अशोक साह की पत्नी शोभा देवी (27) करीब 75 प्रतिशत जल गई है। एसकेएमसीच के बर्न वार्ड में उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है। अस्पताल पहुंचे रिश्तेदार विजय साह ने बताया कि अशोक साह दिल्ली में मजदूरी करता है।

घर में सिर्फ शोभा देवी अपने तीन बच्चों और सास के साथ रहती है। शाम में उनकी सास बाजार से सब्जी लेने गई थी। शोभा गैस पर खाना बना रही थी। पाइप से गैस लीक कर रहा था। देखते-देखते अचानक आग लग गई। पूरे सिलेंडर में आग धधकने लगा।

सिलेंडर के बगल में बाहर निकलने का दरवाजा था। यहां पर कम्बल समेत अन्य कपड़ा रखा हुआ था। तीनों बच्चे वहीं पर थे। अचानक से आग की लपटें तेज हुईं। पास में रखे कंबल में आग लग गई।

महिला अपने तीन बच्चों को उठाकर भागने का प्रयास करने लगी। पर सफल नहीं हुई। आग ने तीनों बच्चों और शोभा को आगोश में ले लिया। इसके बाद सिलेंडर से धमाका हुआ। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण जुट गए। दरवाजा तोड़कर पहले आग बुझाने का प्रयास किया।

फिर जल्दी से चारों को बाहर निकाला। गाड़ी में लाद एसकेएमसीच भेजा। रिश्तेदार विजय कहते हैं कि उस समय तीनों बच्चे जीवित थे। जलन से चिल्ला रहे थे। अस्पताल में तीनों ने दम तोड़ दिया। आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम भी पहुंच चुकी है।

आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों का कहना है महिला का घर और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। समय रहते लोगों ने इसपर काफी हद तक काबू पा लिया। अन्यथा कई घर इस आग की चपेट में आ जाते।

About Post Author

You may have missed