सहरसा में आपसी विवाद में बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या, चाकू से सीने पर वार कर हुआ फरार
सहरसा, बिहार। सहरसा में पेट्रोल को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे के सीने में चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मामला सहरसा सदर थानाक्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले के वार्ड नं. 14 का है। घटना के बाद आरोपी बड़ा भाई फरार है। वहीं, मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मां के लिए सबसे बड़ी दुविधा यह है कि छोटे की मौत हो गई। बड़े के खिलाफ अब हत्या का मुकदमा चलेगा। मां निर्मला ने बताया कि सुबह में पेट्रोल को लेकर बड़े भाई रोहन कुमार पोद्दार और मृतक प्रियांशु पोद्दार के बीच झगड़ा हो गया था। इसके बाद रोहन दौड़ कर किचेन में गया। वहां से चाकू लेकर उसने प्रियांशु के सीने में मार दिया।

घटना के बाद आनन-फानन में लोग उसे लेकर तत्काल सदर अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए निजी क्लिनिक में ले गए। डॉक्टर उसकी जा बचाने के लिए जूझते रहे। लेकिन, कुछ घंटे बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत से मां का हाल बुरा है। वह दहाड़ मारकर रो रही है। सदर एसडीपीओ संतोष कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी ली। वही हत्या का आरोपित बड़ा भाई रोहन पोद्दार फरार हो गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

