सिविल सेवा दिवस पर बोले उपमुख्यमंत्री : लोक सेवक सिर्फ अधिकार नहीं बल्कि सहकार के साथ काम करें

पटना। स्थानीय अधिवेशन भवन में सिविल सेवा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने सभी लोक सेवकों को सिविल सेवा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लोक सेवकों की दृष्टि और जिम्मेदारी बदली है। लोक सेवकों ने बदली परिस्थितियों में अपने आप को भी बदला है, जिसका प्रत्यक्ष लाभ लोगों को मिला है।


उन्होंने कहा कि 2005 के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में लोक सेवा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। सरकार की नीतियों और सुशासन के कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाने में अधिकारियों ने बड़ी भूमिका निभायी है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ का शत-प्रतिशत जरूरतमंदों एवं पात्र लाभार्थियों को दिलाने हेतु सुनिश्चित प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम को 2011 में लागू करके समयबद्ध निष्पादन की संस्थागत व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिसका लाभ लोगों को मिल रहा है। उसी प्रकार आम नागरिकों को उनकी शिकायतों के निवारण का अधिकार दिया गया। बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम को लागू करके जिला अनुमंडल और राज्य स्तर पर इसके क्रियान्वयन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अब लोगों को अपनी शिकायतों के निवारण के लिए भटकना नहीं पड़ता बल्कि इसके लिए सरकार द्वारा समय बद्ध निष्पादन की संस्थागत व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे निश्चित समय-सीमा के अंदर आम लोगों को उनकी शिकायतों के निराकरण का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के कुशल मार्गदर्शन में बिहार सरकार ने न्याय के साथ विकास यात्रा को संकल्प के साथ पूरा किया है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में सुशासन के कार्यक्रमों और सरकार की नीतियों के क्रियान्वयन में लोक सेवकों की प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता दिखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोक सेवक सिर्फ अधिकार नहीं बल्कि सहकार के साथ काम करें। जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद और समन्वय स्थापित कर आत्मनिर्भर बिहार के सात निश्चयों के संकल्प को पूरा करें।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री रेणु देवी, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, राजस्व परिषद् के अध्यक्ष संजीव कुमार सिन्हा, विकास आयुक्त विवेक कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव एस. सिद्धार्थ, सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद, विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव, सचिव, प्रमंडलीय आयुक्त, जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

About Post Author

You may have missed