राष्ट्रपति पद की एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू पहुंची पटना : खुद को बताया बिहार की बेटी, सभी से मांगा समर्थन

पटना। राष्ट्रपति चुनाव के लिए राजग की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को राजधानी पटना पहुंचीं। पटना एयरपोर्ट पर उनके पहुंचने पर भाजपा के नेताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। स्वागत के लिए केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल सहित कई नेता पहले ही पहुंचे थे। मुर्मू हवाई अड्डे से बाहर निकलने के बाद वे पुराना सचिवालय स्थित बिरसा मुंडा प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। यहां उनके स्वागत के लिए स्थानीय कलाकार भी स्थानीय वेशभूषा में सज-धज कर आए थे। आदिवासी वेशभूषा में भी कलाकारों ने द्रौपदी मुर्मू का बिहार की धरती पर अपने परंपरागत नृत्यों से स्वागत किया। इसके बाद भाजपा कार्यालय के प्रवेश द्वार पर महिला मोर्चा द्वारा तथा बाटा मोड पर मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों द्वारा मुर्मू का स्वागत और अभिनंदन किया गया।
राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन देने की अपील
उसके बाद द्रौपदी मुर्मू ने होटल मौर्या में आयोजित एनडीए की बैठक में सभी दलों से समर्थन मांगा। झारखंड की राज्यपाल रही मुर्मू ने खुद को बिहार और झारखंड से जोड़ते हुए कहा कि उनकी रगों में बिहार और झारखंड का खून बहता है। यहां ये पुराना रिश्ता है। उन्होंने पीएम मोदी का आभार जताते हुए कहा कि मेरे जैसे अंतिम पायदान पर माने जाने वाले आदिवासी महिला को देश के सर्वोच्च पद पर बैठाने का निर्णय लिया है। उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव में मतदान करने वाले सभी मतदाताओं से सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सर्वोच्च पद तक पहुंचाने के निर्णय में आप भी सहयोगी बनें। उन्होंने कहा कि प्रारंभ से ही मेरा जीवन संघर्षों में गुजरा है। उन्होंने एनडीए के विधायकों और सांसदों के साथ बैठक कर सभी से राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन देने की अपील की।


नीतीश बोले, द्रौपदी मुर्मू भारी बहुमत से जीतेंगी
इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी उनका जोरदार स्वागत किया। सीएम नीतीश ने भी भरोसा देते हुए कहा कि हमलोगों को पूर्ण विश्वास है कि द्रौपदी मुर्मू भारी बहुमत से जीतेंगी। उन्होंने कहा कि पहले बिहार, उड़ीसा, झारखंड एक ही था।
डॉ. जायसवाल बोले, सामाजिक न्याय की यह धरती पूर्णरूप से आपके साथ
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने भी राष्ट्रपति चुनाव में जीत का विश्वास जताते हुए कहा कि सामाजिक न्याय की यह धरती पूर्णरूप से आपके साथ है। उन्होंने कहा, मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि बिहार का हर एक जन और हर एक दल आजादी के इस अमृत महोत्सव में देश के सर्वोच्च पद पर पहली बार एक संथाल आदिवासी महिला को देख गौरवान्वित होगा। आप इतने मतों से जीतेंगी कि राष्ट्रपति चुनाव में एक नया इतिहास बनेगा। एक आदिवासी समाज से आने वाली महिला जिसने जीवन में इतनी भीषण संघर्षों को जिया हो उसे देश का कोई व्यक्ति नकार ही नहीं सकता है।


ये रहे मौजूद
बैठक में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, सर्वानंद सोनोवाल, पशुपति कुमार पारस, भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुग, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा सहित बिहार एनडीए के सभी मंत्री, सभी सांसद, विधायक और विधान पार्षद उपस्थित थे। बैठक में मंच संचालन मंत्री जीवेश मिश्रा ने किया जबकि उनके सहयोग में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश वर्मा और सिद्धार्थ शंभू रहे।

About Post Author

You may have missed