PATNA : पुनपुन में दो चचेरे भाईयों की निर्ममतापूर्वक हत्या, आक्रोशितों ने आरोपित के घर में लगाई आग, स्कॉर्पियो भी फूंका

  • जमीन और रुपए हड़पने के लालच में हुई वारदात, सनसनी

फुलवारी शरीफ (अजीत)। राजधानी पटना के पुनपुन में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। यहां जमीन और लाखों रुपए हड़पने के लालच में दो चचेरे भाईयों की निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज घटना पुनपुन थाना क्षेत्र के डुमरी गांव में स्वर्गीय विद्यानंद सिंह के बेटे पिंटू सिंह के घर हुई। इतना ही नहीं, दोनों के शवों को कई टुकड़ों में बोरे में बंद कर ठिकाने लगाने का प्रयास किया जाने लगा। मृतकों की पहचान पुनपुन के मदारपुर गांव निवासी चुन्नू सिंह और मनीष उर्फ टीमल सिंह के रूप में होते परिवार वालों में कोहराम मच गया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा आरोपित के घर फूट पड़ा। लोगों की भीड़ जमा होता देख आरोपित परिवार घर छोड़कर फरार हो गया। वहीं गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर पर धावा बोल दिया और गांव वाले ने पिंटू सिंह के घर में लूटपाट के बाद आग लगा दी। इसके बाद गुस्साए गांव वालों की भीड़ एनएच-83 पटना-गया-पुनपुन-मसौढ़ी मार्ग को जामकर आगजनी करते हुए जमकर हंगामा करने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही कई थानों की पुलिस हालात को काबू करने पहुंची। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस टीम शवों को उठाने का साहस नहीं जुटा पा रहे थे। पुलिस हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की तहकीकात में जुट गई है। फिलहाल पुलिस टीम दोनों शवों को पोस्टमार्टम कराने के लिए भेजने के प्रयास में गांव वालों को समझाने बुझाने में जुटी है।


डुमरी में एक घर में मिले दोनों भाईयों के कई टुकड़े में बंटा शव
गांव वालों के मुताबिक, मदारपुर निवासी दोनों मृतक चुन्नू सिंह एवं मनीष उर्फ टीमल सिंह आपस में चचेरे भाई हैं। दोनों ने पिंटू सिंह के पिता विद्यानंद सिंह से 12 कट्ठे जमीन खरीदने का एग्रीमेंट कराया था। इस एग्रीमेंट में दोनों भाईयों ने अब तक लाखों रुपए अदा भी कर दिया था। इस बीच विद्यानंद सिंह की अचानक मौत हो गई। विद्यानंद सिंह के मौत के करीब माह भर बाद दोनों भाईयों ने विद्यानंद के बेटे पिंटू सिंह को जमीन के खरीदने के लिए बचे 2 लाख लेकर रजिस्ट्री करने की बात कही थी। सोमवार को मदारपुर निवासी दोनों चचेरे भाई चुन्नू सिंह और टीमल सिंह पिंटू सिंह के घर डुमरी में 2 लाख रूपये लेकर पहुंचे। जहां 2 लाख हड़पने के बाद पिंटू सिंह के मन में लालच आ गया और दोनों चचेरे भाईयों को जमकर शराब पिलाने के बाद हत्या कर दी। इतना ही नहीं, दोनों के शवों को कई टुकड़ों में काट कर बोरे में भरकर ठिकाने लगाने में जुटा था। इसी बीच घटना की जानकारी गांव वालों के बीच फैल गयी।
घंटों नहीं उठने दिए शव
मिली जानकारी के मुताबिक गांव वालों को जब इस बात की भनक लगी तब ग्रामीण वहां पहुंचे तो दो चचेरे भाईयों के बोरे में रखा कई टुकड़ों में बंटा शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं मृतकों की पहचान होते ही ग्रामीणों का गुस्सा आरोपित विद्यानंद सिंह के घर पर टूट पड़ा। वहीं मृतक के परिवार वालों में रोना पीटना मच गया। मृतक के गांव मदारपुर से सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष डुमरी गांव पहुंचे और पिंटू सिंह के घर में घुसकर जमकर लूटपाट मचाते हुए सारे सामान को तहस-नहस कर घर में आग लगा दी। गुस्साए ग्रामीणों ने कई टुकड़ों में बंटा दोनों भाईयों के शवों को घर से बाहर लाकर रखा और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी का इजहार किया। इतना ही नहीं, गुस्साए ग्रामीणों ने पिंटू सिंह के घर के बाहर खड़ी एक स्कॉर्पियो को भी फूंक डाला। उसके बाद गुस्साए गांव वाले पुनपुन-मसौढ़ी मुख्य मार्ग को जामकर हंगामा करने लगे।
कई थानों की पुलिस पहुंची, हालात तनावपूर्ण
घटना की जानकारी मिलते ही मसौढ़ी, पुनपुन, पिपरा, गौरीचक, धनरूआ, परसा बाजार समेत आसपास के कई थानों की पुलिस पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई। गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों के आक्रोश को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में फोर्स को बुला लिया गया है। मृतक के परिवार वालों का मांग है कि पहले हत्यारे पिंटू सिंह और उसके परिवार वालों को पुलिस गिरफ्तार करें। साथ ही मृतक के परिवार वालों को 20-20 लाख मुआवजा दिया जाए। इसके अलावा आरोपित के यहां बेची गई जमीन व रुपये वापस लौटाने की मांग किया। पुलिस के मुताबिक घर में मौजूद दो महिलाओं को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

About Post Author

You may have missed