RJD का बिहार विधानसभा घेराव कल, होर्डिंग लगाकर ‘बिहार सरकार को बताया धृतराष्ट्र’

पटना। बिहार विधान मंडल के बजट सत्र के बीच मंगलवार को बिहार विधानसभा के घेराव से पहले राजद की ओर से सोमवार को राजधानी में एक बड़ा सा होर्डिंग लगाया गया है, जिसके बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव खास तौर पर भाजपा और जदयू के निशाने पर आ गए हैं। राजद ने होर्डिंग जारी करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री रेणु देवी की तुलना धृतराष्ट्र से की है। बता दें तेजस्वी यादव आज असम के तिनसुकिया में रोड शो और चुनावी सभा किया। कल तक उनके बिहार आने की पूरी उम्मीद है।
बता दें राजद ने होर्डिंग के जरिये बिहार में बढ़ते अपराध के साथ ही नए कृषि कानूनों को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। इस होर्डिंग में चेन छिनतई, एटीएम लूट, व्यवसायियों पर हमले, शराबबंदी के बावजूद शराब बेचे जाने के साथ ही नए कृषि कानून का जिक्र किया गया है। होर्डिंग में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री रेणु देवी की बड़ी तस्वीर लगाई गई है, लेकिन दोनों की आंखों के सामने काले रंग की पट्टी लगा दी गई है। इस होर्डिंग पर लिखा है कि धृतराष्ट्र रूपी बिहार में आपका स्वागत है। वहीं राजद ने होर्डिंग के जरिये मंगलवार को आहूत विधानसभा के घेराव को सफल बनाने का भी आह्वान किया गया है। इस पोस्टर में तेजस्वी और लालू समेत राजद के सभी बड़े नेताओं की तस्वीरें हैं।

About Post Author

You may have missed