धोनी ने छोड़ी चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी, ऋतुराज गायकवाड बने नए कप्तान

नई दिल्ली। आईपीएल की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में से एक चेन्नई सुपर किंग्स ने आगामी आईपीएल सीजन से पहले टीम में बड़ा बदलाव किया है। एमएस धोनी की जगह सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ चेन्नई सुपर किंग्स के नए कप्तान बन गए हैं। आईपीएल के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ने इसकी पुष्टि की। इससे पहले एमएस धोनी ने आईपीएल 2022 से पहले सीएसके की कप्तानी छोड़ी थी लेकिन टीम के खराब प्रदर्शन के कारण उन्होंने टूर्नामेंट के बीच में फिर से टीम की कप्तानी की थी। एमएस धोनी के नेतृत्व में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच खिताब जीते हैं। पिछले सीजन चेन्नई सुपर किंग्स ने एमएस धोनी की कप्तानी में ही गुजरात टाइटंस को हराकर पांचवीं बार खिताब जीता था। हालांकि धोनी ने अपने संन्यास की अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि वह अगले सीजन (आईपीएल 2024) भी खेलेंगे। लेकिन फैंस को उन्होंने सीजन के शुरू होने से ठीक कुछ घंटे पहले ही बड़ा झटका दिया है। वह सीएसके की कैप्टेंसी से हट गए हैं। धोनी ने चेन्नई को पांच बार आईपीएल तो जिताया ही इसके साथ-साथ उन्होंने टीम को पांच बार फाइनल में भी जगह दिलाई। वो इकलौते कप्तान हैं जो 10 आईपीएल फाइनल खेले हैं। धोनी की कप्तानी में चेन्नई 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में चैंपियन बनी है। वहीं 2008, 2012, 2013, 2015 और 2019 में उन्होंने टीम को फाइनल तक पहुंचाया। आईपीएल शुरू होने से पहले कप्तानों का फोटोशूट होता है जिसमें धोनी की जगह गायकवाड़ पहुंचे। ऋतुराज गायकवाड़ ने अभी चेन्नई के लिए सिर्फ 3 ही सीजन खेले हैं। उन्होंने 2020 में डेब्यू किया था और पहले सीजन में वो सिर्फ 6 ही मैच खेल पाए। लेकिन 2021 में उन्हें पूरा मौका मिला और इस खिलाड़ी ने एक शतक और 4 अर्धशतकों के दम पर 635 रन ठोक दिए। 2022 में गायकवाड़ के बल्ले से 368 रन ही निकले लेकिन पिछले सीजन में गायकवाड़ ने 16 मैचों में 590 रन बनाकर टीम को चैंपियन बनाया। गायकवाड़ आईपीएल में अबतक 52 मैच खेले हैं और उन्होंने 39 से ज्यादा की औसत से 1797 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट भी 135 से ज्यादा का है। ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तानी का अच्छा अनुभव है। वो रणजी में महाराष्ट्र की कप्तानी करते हैं। साथ ही एशियन गेम्स में उन्हीं की कप्तानी में टीम इंडिया को गोल्ड मेडल मिला था। धोनी उनकी लीडरशिप क्वालिटीज को जानते हैं और यही वजह है कि गायकवाड़ को कप्तानी मिली है। इस बार धोनी सीएसके के लिए अब बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज खेलते हुए नजर आएंगे और उनकी देखरेख में ऋतुराज इस जिम्मेदारी को संभालेंगे। धोनी के इस बड़े फैसले के बाद आईपीएल में उनके युग का समापन हो गया, क्योंकि 42 साल के हो चुके धोनी फिर से कप्तान बनें इसकी संभावना कम ही नजर आती है। आईपीएल 2022 में भी चेन्नई टीम ने एक दिन पहले ही नए कप्तान का ऐलान किया था। तब रवींद्र जडेजा को अपना कप्तान नियुक्त किया था, लेकिन उनका यह कदम बैकफायर कर गया था। जडेजा की कप्तानी में चेन्नई टीम का प्रदर्शन खराब रहा था। खुद जडेजा का प्रदर्शन भी बेकार हुआ था।

About Post Author

You may have missed