समाधान यात्रा के बाद विपक्ष को एक करने देश यात्रा पर निकलेंगे सीएम नीतीश, 10 जनवरी के बाद होगा कार्यक्रम

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समाधान यात्रा गुरुवार से शुरू हो चुकी है। ठंड के बीच मुख्यमंत्री बगहा से दरुआबाड़ी गांव पहुंचे। उन्होंने सरकारी योजनाओं का हाल जाना। इस दौरान नीतीश कुमार का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि बजट सत्र के बाद मैं देश की यात्रा पर निकलूंगा। नीतीश कुमार ने कहा कि पहले अपने राज्य का विकास देख रहे हैं। यहां के सारे काम पूरे करेंगे। इसके बाद आगे बढ़ेंगे। बजट सत्र पूरा होने के बाद हम देश की यात्रा पर निकलेंगे। इससे पहले दरुआबाड़ी गांव की लड़कियों ने मुख्यमंत्री से स्कूल बनाने की मांग की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि तुरंत इसे देखिए। हमारी पहली प्राथमिकता बच्चों की पढ़ाई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यात्रा को लेकर ट्विटर पर लिखा है कि समाधान यात्रा के तहत बिहार में विकास कार्यों की प्रगति और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेने हेतु आज से राज्य के विभिन्न जिलों की यात्रा करूंगा। इस यात्रा में महत्वपूर्ण योजनाओं का निरीक्षण, चिह्नित समूहों के साथ बैठक तथा जिलास्तरीय समीक्षा बैठक की जाएगी। इससे विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा लोगों की समस्याओं का समाधान होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यह 14वीं यात्रा है। वो इसके पहले साल 2005 से लेकर अब तक 13 यात्राएं कर चुके हैं। सबसे खास बात यह है कि इन 14 में से 9 यात्राएं ठंड के महीनों में निकाली गई हैं। नीतीश नवंबर से लेकर जनवरी तक सबसे ज्यादा यात्राओं पर निकले हैं। समाधान यात्रा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार योजनाओं से संबंधित क्षेत्र का भ्रमण करेंगे। चिन्हित समूहों के साथ बैठक करेंगे और जिलास्तरीय समीक्षा करेंगे। इस दौरान जिन लोगों के साथ वह बैठक करेंगे, उनसे सुझाव लेंगे और उसमें से चयनित सुझावों का समाधान भी करेंगे।

About Post Author

You may have missed