पूर्णिया में बिहार की पहली इथेनॉल फैक्ट्री का सीएम नीतीश ने किया उद्घाटन, शाहनवाज हुसैन समेत कई लोग रहे मौजूद

पूर्णिया। आज बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने पूर्णिया में बिहार की पहली इथेनॉल फैक्ट्री का उद्घाटन किया। इस मौके पर उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन भी साथ रहे। इसके अलावे खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह और पूर्णिया सांसद संतोष कुशवाहा की भी मौजूदगी रही। केंद्र और राज्य की इथेनॉल पॉलिसी 2021 के बाद देश के पहले ग्रीनफील्ड ग्रेन बेस्ड इथेनॉल प्लांट का शुभारंभ हुआ है। पूर्णिया के कृत्यानंद नगर के परोरा में ईस्टर्न इंडिया बायोफ्यूल्स प्रा. लि. द्वारा 105 करोड़ की लागत से ग्रीनफील्ड ग्रेन बेस्ड इथेनॉल प्लांट स्थापित किया गया है। वही पूर्णिया के परोरा में ईस्टर्न इंडिया बायोफ्यूल्स प्रा. लि. द्वारा स्थापित ग्रीनफील्ड ग्रेन बेस्ड इथेनॉल प्लांट की उत्पादन क्षमता 65 हजार लीटर प्रतिदिन है। इसके साथ ही इस प्लांट से प्रतिदिन 27 टन एनिमल फीड बनाने के लिए जो पोषक तत्व से पूर्ण कच्चे माल की जरुरत होती है, उसका उत्पादन बायप्रोडक्ट के रुप में होगा। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि आज 17 में से पहले ग्रेन बेस्ड ईथेनॉल प्लांट का शुभारभं हो गया और इसके अलावा 3 और ईकाईयां जिनमें से दो गोपालगंज में हैं और 1 आरा में इनका भी शुभारंभ जल्द होगा।

इससे पहले उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार देश का इथेनॉल हब बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ने लगा है। बिहार इथेनॉल पॉलिसी 2021 के बाद बिहार में स्थापित हो रही 17 इथेनोल इकाइयों में से पहले ग्रीनफील्ड ग्रेन बेस्ड इथेनॉल इकाई ने उत्पादन शुरू कर दिया है और बहुत जल्द तीन और इथेनोल इकाइयों का शुभारंभ होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य के औद्योगिकीकरण का सपना सच होने की राह पर आगे बढ़ रहा है। इथेनॉल उद्योग बिहार के युवाओं के लिए रोजगार की उम्मीद पूरी करेगा। जानकारी के अनुसार, 2021 में लाई गई बिहार की इथेनॉल उत्पादन प्रोत्साहन नीति काफी सफल रही। इसके तहत बिहार में 151 इथेनॉल ईकाईयों की स्थापना के लिए कुल 30,382 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव आए। लेकिन कोटा कम मिलने से फिलहाल 17 इथेनॉल ईकाईयों की स्थापना पहले चरण में हो रही है। फिलहाल बिहार को 36 करोड़ लीटर सालाना इथेनॉल आपूर्ति का कोटा मिला है लेकिन इथेनॉल उत्पादन के लिए कच्चे माल व पानी की उपलब्धता, इसमें निवेश के लिए आए प्रस्ताव व अन्य अनुकूलता को देखते हुए बिहार के इथेनॉल उत्पादन की क्षमता 172 करोड़ लीटर सालाना है।

About Post Author

You may have missed