महिलाओं और बच्चे-बच्चियों में कितनी जागृति आयी, देखकर खुशी होती है : सीएम नीतीश

  • मुख्यमंत्री ने इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर पुराने साथियों से की मुलाकात

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया। मुख्यमंत्री ने एकंगरसराय प्रखंड के एकंगरसराय तथा इस्लामपुर प्रखंड के इस्लामपुर में अपने पुराने साथियों से मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना। मुख्यमंत्री का स्वागत पुराने साथियों एवं कार्यकर्ताओं ने फूलों की बड़ी माला एवं प्रतीक चिह्न, अंगवस्त्र भेंटकर किया।


मुलाकात के क्रम में सीएम नीतीश ने अपने पुराने सहयोगियों एवं कार्यकर्ताओं से कहा कि आप सबलोग इतनी बड़ी संख्या में यहां मौजूद हैं। आप सबसे मिलकर बहुत खुशी हुई। हम तो इधर कुछ दिनों से लगातार घूम रहे हैं। मेरी इच्छा थी की एक बार फिर से सब जगह हम घूम लें। आपलोगों के सहयोग से ही आज हम यहां हैं। जो भी हमसे संभव हुआ हम आपलोगों का काम करते रहे हैं लेकिन मेरे मन में आया कि आपलोगों से आकर मिलें, उसी सिलसिले में हम आप सबलोगों से यहां मिलने आए हैं। सब जगह भारी संख्या में लोग मिल रहे हैं। सब अपनी समस्या भी बताते हैं। उन सब चीजों को देखा जाएगा। हम आपकी सेवा करते रहेंगे। आप सबलोगों का हमेशा से सहयोग मिलता रहा है, इसको हम जीवन भर याद रखेंगे। आप सबलोगों से अपील है कि सब लोग मिलकर रहिए, आपस में प्रेम और भाईचारे का भाव रखिएगा। महिलाओं और बच्चे-बच्चियों से भेंट होती है, इनमें कितनी जागृति आयी है, देखकर खुशी होती है। समाज में पहले बहुत विवाद होता था। अब बहुत कम हो गया है। इसी चीज को कायम रखना है। हमारा तो एक ही विनम्र आग्रह है कि प्रेम और भाईचारे का आपस में भाव रखिएगा। बरसात के दिनों में भी सब जगह का चक्कर लगाकर एक बार तो देख-रेख करते हैं। इतनी गर्मी में भी बड़ी संख्या में आपलोग आए इसके लिए आप सबलोगों को हृदय से धन्यवाद देता हूं।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने कोसियावां, एकंगरसराय बाजार, जगाई, रतनपुरा, दरियापुर, शेख अब्दुल्ला, कोरमा बाजार, इस्लामपुर बाजार सहित कई जगहों पर रूककर अपने पुराने साथियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। जगह-जगह पर लोगों ने मुख्यमंत्री का पुष्प गुच्छ, फूल-मालाओं एवं पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने एकंगरसराय में महान स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद् एवं पूर्व मंत्री स्व. डॉ. लाल सिंह त्यागी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मंत्री संजय कुमार झा, श्रवण कुमार, सांसद कौशलेन्द्र कुमार, सेवानिवृत प्रोफेसर एवं जदयू नेता जर्नादन सिंह सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

About Post Author

You may have missed