पटना में ठंड को लेकर चिड़ियाघर के समय में हुआ बदलाव, अब सुबह 6 से शाम 5 तक जा सकेंगे लोग

पटना। राजधानी पटना के सभी पार्क समेत चिड़ियाघर के खुलने और बंद होने के समय में बदलाव किया गया है। बढ़ती ठंड को देखते हुए चिड़ियाघर और पार्कों में विजिटर्स के आने-जाने का समय बदल गया है। अब फरवरी तक सुबह 6 से शाम 5 बजे तक पटना जू खुला रहेगा। वहीं, सभी पार्क सुबह 5:30 से शाम 7:30 बजे तक खुले रहेंगे। इससे पहले गर्मी के दिनों में पटना जू सुबह 5 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहता था। वहीं, पार्कों के खुलने की टाइमिंग सुबह 5 से रात 8 बजे तक था। पटना जू के निदेशक सत्यजीत कुमार ने बताया कि हर साल ठंड के मौसम को देखते हुए समय में बदलाव किया जाता है। सुबह और शाम में एक-एक घंटे समय में कटौती की गई है। सुबह पांच बजे और शाम छह बजे अंधेरा हो जा रहा है। इसके चलते पटना जू के समय में परिवर्तन करने का निर्णय लिया गया है। पटना जू में हर दिन औसतन 6 हजार विजिटर्स आते हैं जो की ठंड में बढ़कर 8-9 हजार हो जाती है। जू में प्रति वयस्क 30 रुपए और प्रति शिशु 10 रुपए प्रवेश शुल्क लगता है। इसके अलावा नौकायान, शिशु उद्यान, मछलीघर, आदि का अलग से शुल्क लगता है। इधर, ठंड बढ़ने का असर जानवरों पर भी दिखने लगा है। जू प्रशासन ठंड में जानवरों की देखभाल और उनके खान-पान पर विशेष ध्यान दे रहा है। शीतलहर से पहले सभी जंगली जानवरों के केज में हीटर और बल्ब लगा दिया जाएगा। जानवरों के लिए खान-पान की भी विशेष व्यवस्था की गई है। शेर और बाघों के पिंजड़ों में गर्म हवा वाला ब्लोअर भी लगाया जाएगा। इसके साथ ही कंबल की व्यवस्था की जाएगी।

About Post Author

You may have missed