एनडीए सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार का कार्यक्रम टला, बीजेपी की लिस्ट अभी फाइनल नहीं, शपथग्रहण कल

पटना। एनडीए गठबंधन में सीट शेयरिंग का मामला सुलझने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार देर शाम मंत्रिमंडल विस्तार को हरी झंडी दे दी थी। इसके बाद गुरुवार को मंत्रिमंडल का विस्तार होना था लेकिन अब इससे संबंधित जो खबर सामने आ रही है उसके मुताबिक मंत्रिमंडल विस्तार का कार्यक्रम टाल दिया गया है, यानी अब आज मंत्रिमंडल विस्तार का कार्यक्रम नहीं होगा। बताया जा रहा है कि भाजपा शीर्ष नेतृत्व के द्वारा अभी तक मंत्री बनने वाले लिस्ट को फाइनलाइज नहीं किया जा चुका है जिसके कारण भाजपा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से गुरुवार तक का समय मांगा है जिसके बाद ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि अब मंत्रिमंडल विस्तार शुक्रवार शाम को हो सकता है। इस मंत्रिमंडल विस्तार में भाजपा नए लोगों को मौके देने की तैयारी में है जिसके कारण चयन के लिए थोड़ा समय मांगा गया है वहीं जदयू अपने पुराने फार्मूले पर ही अपने सभी मंत्रियों को रिपीट करेगा। कल शाम तक ही सीएम नीतीश कुमार ने बीजेपी से लिस्ट मांगी थी, लेकिन अबतक बीजेपी की ओर से मंत्रियों को सूची नहीं आई है। जिसके कारण आज के बदले कल मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। वहीं, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बुधवार को काफी गहमागहमी रही। बैठकों का दौर जारी रहा और संभावित मंत्रियों के नामों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने सरकारी आवास एक अणे मार्ग में घटक दलों के साथ बैठक की। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री सह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा शामिल हुए। लेकिन, आलाकमान के पास नाम नहीं आने पर शुक्रवार को शपथ ग्रहण होगा। अभी मंत्रिमंडल में शामिल 9 मंत्रियों के पास विभाग का अधिक बोझ है। जिसे देखते हुए मंत्रिमंडल विस्तार का फैसला लिया गया है। कैबिनेट विस्तार में इस बात की चर्चा तेज है कि शाहनवाज हुसैन मंत्री नहीं बनेंगे। क्योंकि संजय झा राज्यसभा चले गये हैं वही शाहनवाज अब विधान पार्षद नहीं हैं। इसलिए उन्हें मंत्री नहीं बनाया जाएगा। वही नितिन नवीन, मंगल पांडेय को भाजपा के तरफ से मंत्री बनाया जा सकता है। उधर, भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पार्टी इस बार भी मंत्रियों का फॉर्मूला 2020 के आधार पर ही तय किया है। उस समय भाजपा कोटे के 16, जदयू से 12, हम से एक, वीआईपी से एक और एक निर्दलीय विधायक मंत्री थे। अभी सरकार में सीएम सहित नौ मंत्री हैं। इसमें जदयू से चार, भाजपा से तीन, हम से एक और एक निर्दलीय विधायक मंत्री हैं। चर्चा के अनुसार मंत्रिमंडल विस्तार के बावजूद आठ-दस पद खाली रह सकते हैं। लोकसभा चुनाव के बाद मंत्रिमंडल विस्तार में कुछ और विधायकों को मंत्री बनाया जाएगा।

About Post Author