कर्नाटक तो शुरूआत है, 2024 के चुनाव के बाद भाजपा मुक्त होगा भारत : ललन सिंह

  • कर्नाटक में बीजेपी की करारी हार पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष का हमला, ट्विटर से साधा निशाना

पटना। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे और रुझान आने लगे हैं। रुझानों में कांग्रेस को बहुमत मिल गया है, वहीं बीजेपी काफी पीछे चल रही है। कांग्रेस की इस बड़ी जीत पर नेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आ रही है। इस जीत पर राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक में नफरत की बाजार खत्म हुई है और मोहब्बत की दुकान खुली है। वहीं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कर्नाटक जीत के बहाने पर बीजेपी पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इंतजार कीजिए, 2024 लोक सभा चुनाव में देश भाजपामुक्त होगा, इंतजार कीजिए। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत पर ललन सिंह ने लिखा है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सभी हथकंडा आजमाया, धार्मिक उन्माद चरम सीमा पर पहुंचाकर चुनाव प्रचार किया और आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने तो पद की गरिमा के विरुद्ध प्रचार किया लेकिन वहां की भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के सामने सब फेल हुआ और कर्नाटक भाजपा मुक्त हुआ। इसके पूर्व हिमाचल प्रदेश भाजपा मुक्त हुआ, दिल्ली नगर निगम भाजपा मुक्त हुआ। इसी साल मध्यप्रदेश भी भाजपा मुक्त होगा और 2024 लोक सभा चुनाव में देश भाजपामुक्त होगा, इंतजार कीजिए। वहीं कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक में गरीब लोगों ने सांठगांठ वाले पूंजीपतियों को हरा दिया। हमने ये लड़ाई नफरत के सहारे नहीं लड़ी। सबसे पहले मैं कर्नाटक के हमारे कार्यकतार्ओं को, हमारे नेताओं को बधाई देता हूं। कांग्रेस पार्टी कर्नाटक में गरीबों के साथ खड़ी हुई। हमने प्यार से ये लड़ाई लड़ी। कर्नाटक ने दिखाया कि इस देश को मोहब्बत अच्छी लगती है। कर्नाटक में नफरत की बाजार बंद हुई है, मोहब्बत की दुकान खुली है। यह सबकी जीत है। यह कर्नाटक की जनता की जीत है।

About Post Author

You may have missed