December 6, 2023

2019 में पूर्ण बहुमत के साथ आएगी राजग

दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरू, बोले-भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह

नयी दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आज से भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक शुरू हो गयी है। बैठक की शुरूआत भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह ने दीप प्रज्वलित कर की। बैठक को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि 2019 में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ आएगी। संकल्प की शक्ति को कोई पराजित नहीं कर सकता। जानकारी के अनुसार बैठक का मुख्य एजेंडा चुनाव ही रहने वाला है। सूत्रों की मानें तो बैठक में सवर्ण बनाम दलित मामले को लेकर परेशान चल रही पार्टी किसी वर्ग विशेष के पक्ष या विपक्ष में नहीं बोलेगी बल्कि वह बैठक में समरसता का संदेश फैलाने पर जोर देगी। दिल्ली के आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में बैठक जारी है। जानकारों की मानें तो बैठक के स्थल को जोड़कर भाजपा यह संदेश देने का प्रयास करेगी कि उसकी रीति नीति में आंबेडकर उतने ही अहम है जितने दूसरे नेता। बैठक में सरकार की कल्याण योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की समीक्षा किये जाने की उम्मीद है। इसमें किसानों को फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि के सरकार के फैसले, राष्ट्रीय नागरिक पंजी, अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग के लोगों के अधिकारों की रक्षा के संदर्भ में उठाये गये कदम, ओबीसी राष्ट्रीय आयोग को संवैधानिक दर्जा देने के कदम आदि के बारे में भी चर्चा हो सकती है। पार्टी के एक नेता ने कहा कि भाजपा का जोर सामाजिक समरसता पर है और हर हाल में सामाजिक सद्भाव को बनाये रखा जायेगा। बैठक में 2019 में लोकसभा चुनाव और राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में होनेवाले विधानसभा चुनाव की तैयारी के बारे में भी चर्चा होगी। पार्टी राष्ट्रीय नागरिक पंजी को महत्वपूर्ण विषय मानती है और हाल ही में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने जोर दिया था कि राष्ट्रीय नागरिक पंजी के संबंध में पार्टी का स्पष्ट मत है कि अवैध विदेशी घुसपैठियों को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।

About Post Author

You may have missed