BIHAR : मुंबई और पुणे से पटना आयी 4 ट्रेनों में मिले 56 कोरोना पॉजिटिव, अधिकारियों में मचा हड़कंप

file photo

पटना। पूरे देश में कोरोना मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन तेजी से बढ़ती जा रही है। दूसरे राज्यों से बिहार आ रहे लोगों में कोरोना के केस लगातार सामने आ रहे हैं। ट्रेनों में कोरोना मरीजों के मिलने से अधिकारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। ट्रेनों में मिलने वाले मरीजों को लेकर जिला प्रशासन सख्त कदम उठा रहा है। जहां ट्रेन से उतरने वाले सभी यात्रियों का स्टेशन पर ही जांच करने के बाद उन्हें छोड़ रहा है। वहीं प्रशासन स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है, ताकि कोई भी यात्री बिना जांच कराएं बाहर न निकल सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को मुंबई और पुणे से आयीं चार ट्रेनों में 56 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। पटना के विभिन्न स्टेशनों पर इन ट्रेनों के आने के बाद यात्रियों की रैपिड एंटीजन किट से जांच की गयी और इसमें पॉजिटिव आने वालों को आइसोलेशन सेंटर में भेजा गया है। दानापुर स्टेशन पर आयी पुणे-दानापुर में कुल 702 यात्री थे। इनमें 17 यात्री कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वहीं पटना जंक्शन पर आयी कुर्ला-पटना ट्रेन में कुल 576 यात्री थे, इसमें नौ यात्री पॉजिटिव निकले। दानापुर स्टेशन पर लोकमान्य तिलक टर्मिनल-पाटलिपुत्र ट्रेन आयी, इसमें 803 यात्री थे, सभी यात्रियों की जांच में 24 पॉजिटिव मरीज सामने आये। इसके बाद यही ट्रेन पाटलिपुत्र स्टेशन पर आयी। यहां 326 यात्रियों की जांच हुई, इसमें छह पॉजिटिव मरीज मिले।
सबसे अधिक चिंता इस बात की है कि अगले दो दिन में कई विशेष स्पेशल ट्रेनें मुंबई और पुणे से चलकर बिहार के विभिन्न स्टेशनों पर आने वाली है। दिल्ली और महाराष्ट्र की ट्रेनों पर जिला प्रशासन की सख्त नजर है और दिल्ली, महाराष्ट्र और गुजरात जाने वाले ट्रेन के यात्रियों की जांच की जा रही है।

About Post Author

You may have missed