बिहार इन्वेस्टर्स मीट में बोले उपमुख्यमंत्री : निवेशकों के लिए पहली पसंद बनेगा बिहार

पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि बिहार औद्योगिक विकास और उद्यमिता के क्षेत्र में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। बिहार में निवेश की प्रचुर संभावनाएं हैं। बिहार सरकार ने औद्योगिक प्रोत्साहन नीति और इथेनॉल उत्पादन प्रोत्साहन नीति को अंगीकृत करके राज्य में निवेश और निवेशकों की सुविधा के सुनिश्चित इंतजाम किए हैं। इन्वेस्टर्स के लिए बिहार निवेश की पहली पसंद बनेगा। वे गुरूवार को नई दिल्ली में आयोजित बिहार इन्वेस्टर्स मीट को संबोधित कर रहे थे।
उत्पादक राज्य बनने की ओर बिहार
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार पहले उपभोक्ता राज्य के रूप में जाना जाता था। फार्मास्युटिकल्स सहित अन्य उत्पादों को बनाने वाली बड़ी-बड़ी कंपनियां बिहार में अपने उत्पादों की मार्केटिंग हेतु बड़े पैमाने पर प्रचार-प्रसार करती रही हैं, परंतु अब स्थितियां बदली हैं। बिहार अब उपभोक्ता राज्य ही नहीं, बल्कि उत्पादक राज्य बनने की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। उद्योग मंत्री मो. शाहनवाज हुसैन इस दिशा में संकल्पित प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के पास प्रचुर मात्रा में जल संपदा है। सालों भर जल से प्लावित रहने वाली नदियां हैं। ऐसी स्थिति में एक एक्वा उद्योग की बिहार में बड़ी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त मक्का, मखाना, आम, लीची, केला का उत्पादन बिहार में बड़े पैमाने पर होता है, जो फूड प्रोसेसिंग उद्योग के कच्चे माल के रूप में उपयोगी है। इथेनॉल उत्पादन के लिए बिहार में तेजी से काम शुरू हुआ है।
उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि 2005 से लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में आधारभूत संरचनाओं में काफी काम हुआ है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने वित्तीय वर्ष 2021-22 में 2,18,000 करोड़ रुपए का बजट पेश किया था, जिसमें से अलग-अलग विभागों में तकरीबन दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च हुई, जिससे बिहार बजट की सर्वाधिक राशि खर्च करने वाले प्रमुख पांच राज्य में शामिल हुआ। वहीं राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2022-23 में 2,37,000 करोड़ का बजट पेश किया है। बिहार की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है।
उन्होंने इस अवसर पर इन्वेस्टर्स और उद्योगपतियों का आह्वान करते हुए कहा कि आप निवेश के लिए बिहार का रुख करें। सरकार हरसंभव मदद मुहैया कराएगी। बिहार में उद्योग की स्थापना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। बिहार में उद्योगों की स्थापना से प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों की आमदनी में भी वृद्धि होगी।

About Post Author

You may have missed