पटना के मेडिवर्सल हॉस्पिटल पर गंभीर आरोप : जदयू नेता संजय के परिजनों ने कहा मार डाला! मामला दर्ज, जांच होगा

पटना। बिहार प्रदेश जदयू के प्रदेश सचिव संजय सिन्हा की बीते गुरूवार को पटना में कंकड़बाग स्थित मेडिवर्सल हॉस्पिटल में इलाज के क्रम में मृत्यु हो गई थी। स्व. संजय सिन्हा के परिजनों ने इस मामले डॉक्टरों की टीम तथा मेडिवर्सल हॉस्पिटल पर बड़े संगीन आरोप लगाए हैं। जानकारी के मुताबिक इलाज में हुई लापरवाही के कारण लोकप्रिय जदयू नेता संजय सिन्हा की मौत हो गई। इस मामले को लेकर संजय सिन्हा के भाई जयेश सिन्हा ने मामला भी दर्ज कराया है।
मिली जानकारी के मुताबिक संजय सिन्हा को घुटनों में तकलीफ थी। घुटनों के आॅपरेशन के लिए वे कंकड़बाग स्थित मेडिवर्सल हॉस्पिटल में इलाज के लिए गए थे। उसी हॉस्पिटल में उनके घुटनों का प्रत्यारोपण होना था। उनके भाई ने बताया कि अस्पताल में स्व. संजय सिन्हा की शल्य चिकित्सा से पूर्व सभी प्रकार के जांच किए गए। इस दौरान हृदय संबंधित जांच में पाया गया कि उनका हृदय मात्र 25 से 30% ही सही तरीके से कार्यरत है। चिकित्सा जगत के लोगों का कहना है कि ऐसे में जब हृदय सही तरीके से कार्य नहीं कर रहा हो, तब मरीज के साथ किसी प्रकार की शल्य चिकित्सा नहीं की जाती है। मगर इसके बावजूद मेडिकल हॉस्पिटल में डॉक्टर निशिकांत की टीम ने संजय सिन्हा का आॅपरेशन कर डाला। फलस्वरूप, संजय सिन्हा आॅपरेशन थिएटर में हृदयाघात के शिकार हो गए। इसके बाद उन्हें आईसीयू में एडमिट कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। संजय सिन्हा के मौत से उनके परिजन बेहद दुखी हैं। अस्पताल प्रबंधन तथा चिकित्सकों के द्वारा की गई इस बड़ी लापरवाही को लेकर परिजन बेहद आक्रोश में भी हैं। संजय सिन्हा जदयू के प्रदेश सचिव थे। इसके पूर्व वे बिहार प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष भी थे।
संजय सिन्हा के निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी समेत जदयू-राजद तथा कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं ने शोक व्यक्त किया। मंत्री अशोक चौधरी स्व. सिन्हा के बचपन के मित्र थे। उन्होंने अर्थी को कंधा देने का भी काम किया। इतना ही नहीं, वे अंत्येष्टि में अंत तक शामिल भी रहे। बड़ी संख्या में लोग आज गुलबी घाट में स्व. संजय सिन्हा के अंतिम संस्कार में जुटे हुए थे। मेडिवर्सल हॉस्पिटल के लापरवाही को लेकर सभी लोगों में बेहद गुस्सा था। इस मामले को लेकर मृतक संजय सिन्हा के परिजनों ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है। अब यह देखने वाली बात है कि पुलिस इतने बड़े अस्पताल का क्या बिगाड़ पाती है।

About Post Author