BIHAR : अग्निपथ स्कीम का विरोध सुनियोजित, 700 मोबाइल नंबरों की हुई पहचान

file photo

पटना। सेना में भर्ती के लिए केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के विरोध में पिछले तीन दिनों से जारी बिहार में आगजनी और हिंसक प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों करोड़ की संपत्ति खाक कर दी गई है। अब इससे जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है कि अग्निपथ का विरोध प्रदर्शन पूरी तरह सुनियोजित है। इस प्रदर्शन में शामिल अत्यधिक लोगों की पहचान की गई है। उक्त जानकारी आईबी सूत्रों के हवाले से प्राप्त हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार इनमें अधिकांश वही लोग हैं जो आरआरबी-एनटीपीसी प्रोटेस्ट में शामिल थे। बताया जा रहा है कि 700 से अधिक वैसे नंबर पाये गये हंै जो आरआरबी प्रोटेस्ट के दौरान पटना, समस्तीपुर, गया और जहानाबाद समेत दूसरे जिलों में सक्रिय थे। वीडियो फुटेज और कई इलाकों के डंप कराए गए मोबाइल टावर डेटा से यह स्पष्ट हुआ है। इसके जरिए करीब 700 उपद्रवियों की पहचान की गई है। पुलिस मुख्यालय की ओर से समस्तीपुर, दानापुर, आरा, बक्सर, लखीसराय सहित कई जगहों पर नजर रखी जा रही है। अब इन नंबरों को सत्यापित कर संबंधित व्यक्ति तक पहुंचने की तैयारी में पुलिस टीम जुट गई है।
आईबी सूत्रों के हवाले से यह जानकारी भी सामने आई है कि पिछले कुछ दिनों में सैकड़ों व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं। जिनके जरिये अग्निपथ भर्ती योजना के बारे में अफवाह, झूठे तथ्य व बहुत सारी गलत सूचनाएं फैलाई गई। राज्य पुलिस के साथ आईबी मिलकर काम कर रही है ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में रहे। असामाजिक तत्वों की पहचान करने के लिए स्थानीय पुलिस का सहयोग ले रही है।
सूत्र बताते हैं कि जो बातें सामने आई है उससे यह लगता है कि एक ऐसा गैंग एक्टिव है जो उपद्रव के लिए मौके के इंतजार में रहता है। इस बिंदु पर पुलिस अधिकारियों के हुए हाईलेवल मीटिंग पर चर्चा भी हुई है। अब इस प्वाइंट पर जांच आगे बढेगी।

About Post Author

You may have missed