पंजाब लोकसभा के आठ सीटों पर आप ने जारी की उम्मीदवारों के लिस्ट, सरकार के पांच मंत्रियों को मिला टिकट

अमृतसर। आम आदमी पार्टी ने पंजाब में लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पंजाब के मंत्री मीत हायर को भी संगरूर सीट से टिकट दिया गया है। सीएम भगवंत मान का यह गृह क्षेत्र है। पहले वह खुद यहां से सांसद रहे थे। पार्टी ने बठिंडा सीट से गुरमीत सिंह खुदियान को मौका दिया है। इसके अलावा अमृतसर की प्रतिष्ठित सीट से कुलदीप सिंह धालीवाल को उतारा गया है। खदूर साहिब से लालजीत सिंह भुल्लर मैदान में होंगे। गुरमीत सिंह मीत हायर संगरूर से उतरेंगे। आम आदमी पार्टी के 8 उम्मीदवारों की सूची में 5 तो भगवंत मान सरकार के मंत्री ही शामिल हैं। इसके अलावा डॉ बलबीर सिंह पटियाला से चुनौती पेश करेंगे। इसी सीट से कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी परणीत कौर भी चुनाव लड़ती रही हैं। अब वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा का हिस्सा बन गई हैं। यहां दोनों ही पार्टियों ने सभी 13 सीटों पर कैंडिडेट उतारने का फैसला लिया है। अभी आम आदमी पार्टी की यह पहली लिस्ट आई है, जबकि कांग्रेस ने किसी भी कैंडिडेट का ऐलान नही किया है। इसके अलावा भाजपा और अकाली दल की ओर से भी उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की गई है। चर्चा है कि यहां भाजपा और अकाली दल अब साथ आ सकते हैं, लेकिन फिर से किसान आंदोलन शुरू होने के चलते यह गठबंधन लटकता जा रहा है। गौरतलब है कि पंजाब से इतर दिल्ली, गुजरात जैसे राज्यों में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन हुआ है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी कुल 4 सीटों पर कैंडिडेट उतारेगी, जबकि उसने कांग्रेस के खाते में सीटें दी हैं।
मुख्यमंत्री के करीबी रहे हैं करमजीत
मुख्यमंत्री के करीबी रहे और प्रसिद्ध कलाकार करमजीत अनमोल को फरीदकोट से टिकट दी गई है। हालांकि उनका नाम फतेहगढ़ साहब सीट के लिए भी चल रहा था। लेकिन गुरप्रीत सिंह जीपी के कांग्रेस को छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद करमजीत अनमोल को फरीदकोट से टिकट दे दी गई है। जिन मंत्रियों को टिकट मिला है उनमें अमृतसर से कुलदीप सिंह धालीवाल संगरूर से गुरमीत सिंह मीत हेयर, पटियाला से डॉक्टर बलबीर बठिंडा से गुरमीत सिंह खुड़ियां, खडूर साहब से लालजीत भुल्लर शामिल हैं। लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी जोरशोर से तैयारी में जुटी है। पार्टी ने 11 मार्च को कैंपेन लॉन्च किया था। पंजाब में आप का नारा है, ”संसद में भी भगवंत मान, खुशहाल पंजाब की बढ़ेगी शान।” इसी दौरान भगवंत मान ने दावा किया कि उनकी पार्टी सभी 13 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
पंजाब में नहीं है कांग्रेस के साथ गठबंधन
पंजाब में लोकसभा की 13 सीटें हैं और आम आदमी पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है। यहां आप ने कांग्रेस के साथ आपसी सहमति से गठबंधन नहीं किया है। दरअसल आप और कांग्रेस ने चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात और गोवा में साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। पंजाब में आप का मुकाबला मुख्यतौर पर कांग्रेस, बीजेपी और अकाली दल से है। सूत्रों ने पिछले दिनों बताया था कि अकाली दल और बीजेपी दोनों गठबंधन को लेकर बातचीत कर रही है।
2019 में 8 सीट जीती थी कांग्रेस, आप को मिली थी एक सीट
2019 में लोकसभा इलेक्शन यूपीए ने राज्य में 8 सीटों पर कमाल की जीत हासिल की। वहीं एनडीए के हिस्से सिर्फ चार सीटें आईं। वहीं पहली बार मैदान में उतरी में आप एक सीट जीत पाने में कामयाब रही। 2024 में 2019 के मुकाबले काफी अलग स्थिति है। आप जिसे 2019 में एक ही सीट से संतोष करना पड़ा था फिलहाल राज्य में अपनी सरकार चला रही है। 2019 लोकसभा चुनाव में अमृतसर से कांग्रेस के गुरजीत सिंह औजला, खडूर साहिब से जसबीर सिंह गिल, जालंधर से संतोख सिंह चौधरी, आनंदपुर साहिब से मनीष तिवारी, लुधियाना से रवनीत सिंह बिट्टू, फतेहगढ़ साहिब से डॉ. अमर सिंह, फरीदकोट से मुहम्मद सादिक और पटियाला से प्रीनीत कौर ने जीत हासिल की थी।

About Post Author