September 17, 2026

बांका में गैस सिलेंडर में आग लगने से मची अफरा-तफरी; चार लाख की संपत्ति जली, बाल-बाल बचा परिवार

बांका। बिहार के बांका के शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के वैदपुर पंचायत अंतर्गत बेला गांव में शनिवार की सुबह खाना पकाने के दौरान एलपीजी सिलेंडर के रिसाव से अगलगी की घटना हुई। जिसमें जानमाल की कोई क्षति नहीं हुई। जबकि दो घर जलकर राख हो गए। पीड़ित गृहस्वामी अजय यादव एवं टुनटुन यादव दोनों पिता स्वर्गीय नेपाली यादव हैं। उन्होंने बताया कि इस घटना में नगदी, फर्नीचर, अनाज, वस्त्र सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। जिसमें दोनों पीड़ितों की करीब चार लाख रुपए की संपत्ति भस्म हो गई। जानकारी के अनुसार अजय यादव की पत्नी सुमली देवी प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत मिले एलपीजी कनेक्शन से घर में भोजन रहा थी। सिलेंडर से पहले ही गैस का रिसाव हो रहा था। जिसकी सुधी सुमली देवी ने नहीं ली। जैसे ही उन्होंने चूल्हा जलाने के लिए माचिस जलाई, गैस पाइप में आग लग गई। पहले तो गृहणी ने आग बुझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हुई। इसके बाद हो-हल्ला करते हुए घर के अन्य सदस्यों को जानकारी देने के लिए किचन से जैसे ही बाहर निकली, सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया।

वही गनीमत रही कि तबतक घर के सदस्य बाहर निकल गए थे। इस बीच आग की लपटें तेज हो गईं। इसने बगल के टुनटुन यादव के घर को भी आगोश में ले लिया। किसी ग्रामीण ने घटना की सूचना सीओ एवं थाना को दी। वहीं आनन-फानन में नजदीक से मिनी अग्निशमन दल फुल्लीडुमर से बेला गांव पहुंचा। लेकिन आग पर काबू नहीं पा सका। सीओ अशोक कुमार ने घटना की सूचना बांका अग्निशमन को दी। इस बीच ग्रामीणों ने भी जुगाड़ तंत्र के सहारे आग बुझाने का अथक प्रयास किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बांका अग्निशमन दल द्वारा आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक आग ने पूरे घर को अपनी आगोश में लेकर तबाह कर दिया था। वहीं पीड़ित परिवार को पंचायत के मुखिया ने सूखा अनाज देकर राहत प्रदान की।

You may have missed