September 21, 2026

लोजपा (रा) विपक्ष की सकारात्मक भूमिका निभा रही, कुछ लोगों की बेचैनी बढ़ी : राजू तिवारी

पटना। लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक राजू तिवारी ने कहा है कि उनकी पार्टी प्रदेश में विपक्ष की सकारात्मक भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद चिराग पासवान ने लगातार राज्य के विभिन्न जिलों में जाकर जिस तरह से शोषित एवं पीड़ितों का आंसू पोछा है, उससे लोगों का विश्वास हमारी पार्टी के प्रति और गहरा हुआ है।
श्री तिवारी ने कहा कि आज राज्य की जनता ने जो स्नेह और आशीर्वाद हमारे नेता को दिया है, उसे देखकर कुछ लोगों की बेचैनी बढ़ गयी है। कहा कि आज यह बात साबित हो गया कि लोजपा का विभाजन करवाकर हमारे नेता को कमजोर करने की साजिश विफल साबित हुई है। आज हमारी ताकत और बढ़ गयी है।
उन्होंने कहा कि लोजपा (रा) की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट है। हमलोग बिहार के विकास एवं जनसमस्याओं के सवाल पर कोई समझौता करनेवाले नहीं हैं। बल्कि अपनी बात और मुखरता के साथ रखेगें। श्री तिवारी ने कहा कि चिराग पासवान के निर्देश पर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत एवं धारदार बनाने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। चुनावी राजनीति के बाबत उन्होंने कहा कि हमारे नेता कई बार यह कह चुके हैं कि बिहार में मध्यावधि चुनाव हो सकते हैं। वैसे भी यहां मध्यावधि चुनाव हो या अपने निर्धारित समय पर, उसमें पार्टी का प्रदर्शन शानदार रहेगा। श्री तिवारी ने कहा कि हमारी पार्टी का एजेंडा बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट के आधार पर ही यहां सवार्गीण विकास और सर्वकल्याण का सपना पूरा हो सकता है।
चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के नए अभियान के बारे में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने और अपने तरीके से अभियान चलाने की आजादी है। दूसरी बात यह कि बिहार के विकास एवं जनकल्याण के लिए किसी भी स्तर पर कोई प्रयास होता है तो इसमें हर्ज क्या है।

You may have missed