शेखपुरा में राजद जिलाध्यक्ष का बड़ा बयान, बोले- अगर एमएलसी कैंडिडेट नहीं जीता तो हम अपना हाथ काटकर गंगा में फेंक देंगें

शेखपुरा। बिहार विधान परिषद की 24 सीटों के मतों की गिनती सात अप्रैल को है। इससे एक दिन पहले राष्ट्रीय जनता दल के जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने विवादास्‍पद बयान दे दिया है। मुंगेर विधान परिषद सीट से राजद उम्मीदवार अजय सिंह की जीत का दावा करते हुए कहा है कि यदि एमएलसी का चुनाव अजय सिंह नहीं जीते तो वे अपना दाहिना हाथ काटकर गंगा नदी में फेंक देंगे। इस क्रम में उन्‍होंने निवर्तमान विधान पार्षद संजय सिंह पर खूब तंज कसा। राजद जिलाध्‍यक्ष के इस बयान से सियासी गर्मी बढ़ गई है। मालूम हो कि मुंगेर विधान परिषद सीट जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के लिए काफी अहम मानी जाती है। यहां उन्‍होंने जदयू प्रत्‍याशी संजय सिंह की जीत के लिए पूरी मशक्‍कत भी की है। सभी जिले में जाकर जनप्रतिनिधियों से वोट देने की अपील की। वहीं राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी अजय सिंह की जीत के इस दावे में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

वर्तमान विधान पार्षद पर निकाली भड़ास

मीडिया से बातचीत के दौरान संजय सिंह ने कहा कि कभी राष्ट्रीय जनता दल के कभी प्रत्याशी रहे निवर्तमान विधान परिषद सदस्य संजय सिंह को यहां के लोगों ने दो बार जीतने का मौका दिया। परंतु वे धोखा देकर जदयू में चले गए। इस बार उनको जनता ने सबक सिखाया है। राजद जिलाध्‍यक्ष संजय सिंह ने कहा कि 12 साल तक पंचायत के प्रतिनिधियों को धोखा देने का काम निवर्तमान विधान पार्षद संजय सिंह ने किया है। इसीलिए उनको सबक सिखाया गया है। अजय सिंह जीत चुके हैं। जनप्रतिनिधियों से मिले फीडबैक के आधार पर वे यह दावा कर रहे हैं। यदि अजय सिंह नहीं जीते हैं तो अपना दाहिना हाथ काट कर गंगा में फेंक देंगे।

You may have missed