September 19, 2026

PATNA : अनियंत्रित वाहन ने बाइक में मारी जबरदस्त टक्कर, युवक की मौत; लोगों ने फोरलेन किया जाम

फतुहा। गुरुवार की सुबह पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के फोरलेन पर कोका कोला गोदाम के पास एक अनियंत्रित भारी वाहन ने एक बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही जहां बाइक के परखच्चे उड़ गए, वहीं बाइक पर सवार युवक हवा में उछलते हुए सड़क पर जा गिरा तथा गंभीर रुप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे दूसरे वाहन पर लादकर सीएचसी पहुंचाया। लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर गांव चले गये तथा कोका कोला गोदाम के पास फोरलेन पर कई वाहन को आड़े तिरछे खड़ी कर जाम कर दिया। आक्रोशित लोग भारी वाहन को जब्त कर कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। मृतक बुद्धदेव चक निवासी स्व. मुनारिक प्रसाद का 22 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार उर्फ छोटू कुमार है। जाम की खबर सुनते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर जाम को हटा दिया। फोरलेन पर करीब डेढ़ घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। इसके बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया।
बताया जाता है कि मृतक गौरव कुमार बुद्धदेव चक गांव से बाइक द्वारा फतुहा स्थित एक राइस मिल में जा रहा था। वह राइस मिल को संचालित करने का काम करता था। जैसे ही वह ग्रामीण पथ से फोरलेन पर आया, वैसे ही एक भारी अनियंत्रित वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद जहां गांव में मातम पसर गया, वहीं मृतक के घर परिजनों के बीच कोहराम मच गया।

You may have missed