खबरें फतुहा की : जेठ को करायी गिरफ्तार, खेतों में लगे मोटर चोरी

जेठ को करायी गिरफ्तार, नशे में प्रताड़ित करने का आरोप
फतुहा। गुरुवार को नदी थाना क्षेत्र के आलमपुर की एक महिला ने शराब के नशे में प्रताड़ित करने के आरोप में पुलिस बुलाकर अपने जेठ को गिरफ्तार करवा दी। गिरफ्तार आरोपी संतोष कुमार है। महिला ने बताया कि उसका जेठ अक्सर शराब के नशे में उसे प्रताड़ित करता था। उसके हरकतों से परेशान होकर उसने पुलिस को बुलाकर गिरफ्तार कराया है। वहीं नदी थाना एसएचओ धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा जाएगा। उसके शराब पीने की पुष्टि की गई है।

खेतों में पटवन के लिए लगे मोटर, सेक्शन व डिलीवरी पाइप उखाड़कर ले गए चोर
फतुहा। बीते बुधवार की रात्रि पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के किसमिरिया गांव के टाल स्थित खेतों में पटवन के लिए लगे मोटर, सेक्शन व डिलीवरी पाइप उखाड़कर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई। किसानों की इस बात की जानकारी तब हुई जब सुबह अपने खेतों में लगे प्याज की फसल को देखने टाल क्षेत्र में गये। यहां तक कि चोरों ने एक खेत में लगे प्याज की फसल को भी उखाड़कर ले भागे। किसानों ने बताया कि बीते रात्रि नौ बजे तक खेत में लगे प्याज की फसल का पटवन कर घर लौट आए थे। सुबह पहुंचने पर मोटर, व एक खेत से प्याज की फसल भी गायब है। मुस्तफापुर के तरुण कुमार, गौरीचक के विजय केवट, किसमिरिया गांव के शैलेंद्र सिंह, अखिलेश पासवान, तथा कुंडली गांव के ब्रजेश कुमार के खेतों से चोरों ने उनके सामान चोरी कर लिए। किसानों के मुताबिक लाखों की क्षति हुई है। संबधित किसान ने इस संदर्भ में थाने में भी शिकायत दर्ज करायी है।

About Post Author