February 28, 2026

BIHAR : NH-SH पर व्यावसायिक वाहनों में स्पीड लिमिट डिवाइस की हुई जांच

पटना। व्यवसायिक वाहनों में लगे स्पीड लिमिट डिवाइस की जांच के लिए शनिवार को सभी जिलों के एनएच और एसएच पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 1157 वाहनों की जांच में 139 वाहनों पर जुर्माना लगाया गया एवं 47 वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की गई। जुर्माना के तौर पर लगभग 7.23 लाख रुपये की वसूली की गई। जांच अभियान के दौरान पाया गया कि कई वाहनों में स्पीड गवर्नर लगे होने के वाबजूद कार्यरत नहीं था। जबकि कई वाहनों में स्पीड गवर्नर नहीं लगे थे। ऐसे वाहन चालकों से जुर्माना लिया गया एवं सख्त निर्देश दिया गया कि अविलंब स्पीड गवर्नर लगाएं एवं वह कार्यरत रहे यह सुनिश्चित करें।
परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि व्यवसायिक वाहनों में स्पीड गवर्नर होना अनिवार्य है। वाहनों में स्पीड लिमिट डिवाइस लगे होने से गति को नियंत्रित रखा जा सकता है एवं सड़क दुर्घटना की संभावना भी कम जाती है। उन्होंने बताया कि यह अभियान जिलों में आगे भी जारी रहेगा। जिलों में यह अभियान डीटीओ, एमवीआई और ईएसआई द्वारा चलाया गया।

You may have missed