पटना में महाशिवरात्रि पर 22 स्थानों से निकलेगी शोभा यात्रा, प्रचार रथ को मंत्री ने झंडी दिखाकर किया रवाना
पटना। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 1 मार्च को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री श्री महाशिवरात्रि महोत्सव शोभा यात्रा अभिनंदन समिति के द्वारा राजधानी पटना के विभिन्न 22 स्थानों से शोभा यात्रा निकाली जायेगी। इन सभी शोभा यात्राओं का भव्य अभिनंदन बेली रोड स्थित खाजपुरा शिव मंदिर के पास किया जायेगा। अभिनंदन समारोह में बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, केन्द्रीय मंत्री, मंत्री, विधायक, विधान पार्षद एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित होंगे, जो इन शोभा यात्राओं में आये सभी श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत आरती एवं पुष्प वर्षा के द्वारा करेंगे तथा पुरस्कृत भी किया जायेगा। गौरतलब है इन झांकियों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन संध्या एवं गंगा आरती के साथ-साथ 12 ज्योतिलिगों का दर्शन विभिन्न झांकियों के माध्यम से होगा।


बुधवार को महाशिवरात्रि की विभिन्न शोभा यात्राओं के प्रचार-प्रसार हेतु शिव-विवाह प्रचार रथ को बिहार सरकार के कृषि मंत्री अमरेन्द्र प्रताप सिंह एवं दीघा के विधायक सह कार्यक्रम संयोजक डॉ. संजीव चौरसिया ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर रवाना किया, साथ ही इस मौके पर महाशिवरात्रि महोत्सव आयोजन का कैलेंडर का भी विमोचन किया गया। ज्ञातव्य हो कि महाशिवरात्री के आयोजन में आम जनता की सहभागिता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पूरे क्षेत्र के लगभग 201 मंदिरों में एक साथ शिव-चर्चा के आयोजन का कार्यक्रम भी रखा गया है।
इस मौके पर महाशिवरात्री समिति के कोर कमिटि के सदस्य प्रभात कुमार सिन्हा, अजय कुमार, जगन्नाथ सिंह, जय प्रकाश ‘पुनील जी’, कुणाल अग्रवाल, पंकज कुमार, विवेक सिन्हा एवं समिति के अन्य सदस्य के साथ-साथ दिनेश कुमार दीपू, मनोज सिंह, पंकज कुमार गुड्डु, गुंजन, संजय कुमार उपस्थित रहे।

