February 19, 2026

PATNA : मसौढ़ी में पलंबर मिस्त्री की गोली मारकर हत्या, खेत से शव बरामद

पटना। पटना के मसौढ़ी में अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक का शव एक खेत से बरामद किया। घटना के बाद मृतक के घर कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मसौढ़ी थाना क्षेत्र के भजन बीघा निवासी मनोज कुमार पलंबर मिस्त्री का काम किया करता था। बीते सोमवार की सुबह वह घर से काम के लिए निकला और देर रात तक घर नहीं लौटा। घर वालों ने मनोज को खोजने का काफी प्रयास किया लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। आज गांव के लोगों ने गेला बीघा गांव के नजदीक खेत में मनोज का शव पड़ा देख इसकी सूचना मसौढी थाने को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मनोज के शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है।
मृतक के पिता सूर्य देव प्रसाद ने मसौढ़ी थाने में अपने पुत्र की हत्या का मामला दर्ज कराया है। परिजनों ने बताया कि मृतक मनोज के शव देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या से पहले उससे ईंट-पत्थरों से पीटने के बाद सर में गोली मार कर हत्या कर दी गई है। घटना के बाद मनोज के घर पर मातमी सन्नाटा पसरा है।

You may have missed