October 18, 2026

पूर्व वित्त राज्यमंत्री हरिनारायण को सलामी देते वक्त बिहार पुलिस की राइफल ने दी धोखा, 4 से निकला खटखट की आवाज, होगी वीडियो की जांच

आरा। बिहार के आरा में एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दिख रहा है कि राजद नेता और बिहार सरकार के पूर्व वित्त राज्यमंत्री हरिनारायण के निधन पर बीते मंगलवार की शाम राजकीय सम्मान के दौरान अंतिम विदाई के समय बिहार पुलिस के जवान गार्ड आॅफ आॅनर दे रहे थे कि अचानक उनकी बंदूक एक बार फिर धोखा दे गई। सलामी देने के वक्त बंदूक से गोली नहीं, खटखट की आवाज निकलती सुनाई देती है।
4 बंदूकों से फायर ही नहीं हुआ
दिवंगत पूर्व वित्त राज्यमंत्री हरिनारायण को सलामी देने के लिए 6 बंदूकें लाई गई थी। इनमें 4 बंदूकों से फायर ही नहीं हुआ। हालांकि 2 बंदूक से कुछ देर बाद फायरिंग हुई। पहले तो लगातार राइफल का ट्रिगर दबाते जवान अकबकाए, फिर बुलेट को नहीं छूटते देख वहां मौजूद सभी लोग हक्के-बक्के रह गए।
लोगों ने दी राइफल सही रखने की सलाह
उस दौरान जगदीशपुर डीएसपी श्याम किशोर रंजन से लेकर अन्य अधिकारी अचंभित नजर आ रहे हैं। वीडियो में यह भी देखा जा रहा है कि पीछे से कुछ लोग पुलिस जवानों को राइफल सही तरीके से रखने की सलाह भी दे रहे हैं और अधिकारी उनकी बात मान जवानों को हथियार सही तरीके से ऊपर रखने का निर्देश भी दे रहे हैं। वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी मांगी गई तो वो टालमटोल करते हुए कैमरे पर बोलने से साफ मना कर दिया।
वीडियो की कराई जाएगी जांच
इस मामले पर जब जगदीशपुर डीएसपी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वीडियो बिल्कुल ही गलत है। राजकीय सम्मान में 21 बार गोली निकली है। डीएसपी ने वायरल हो रहे वीडियो की जांच करवाने की भी बात कही है।
बिहार पुलिस की पहले भी हुई है किरकिरी
बता दें कि यह पहला मौका नहीं है, जब बिहार पुलिस की बंदूकें राजकीय सम्मान में बेबस नजर आई हो। इससे पहले भी आरा में शहीद जवान रमेश रंजन के अंतिम विदाई में भी बिहार पुलिस की बंदूकों ने धोखा दिया था। इसके साथ ही पूर्व सीएम जगन्नाथ मिश्रा के अंतिम विदाई के क्षण भी बिहार पुलिस की बंदूकों से गोली नहीं बल्कि खटखट की आवाज निकली थी। इससे बिहार पुलिस की काफी जगहंसाई भी हुई थी।

You may have missed