PATNA : लूट का विरोध करने पर युवक के सीने में दागी गोली, टेंट लगाकर बेचता है बादाम, वारदात CCTV में कैद

पटना। राजधानी पटना से सटे दीघा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने लूट का विरोध करने पर एक युवक को गोली मार दी। लूटपाट में 4 अपराधी शामिल थे। युवक से अपराधियों ने मोबाइल लूटने की कोशिश की तो उसने लूट का विरोध किया, जिसके बाद अपराधियों ने युवक के सीने में गोली मार दी। यह वारदात गुरुवार की अहले सुबह की बतायी जाती है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए युवक का नाम मो. मोहसिन (25 साल) है। वहीं पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उसके गिरफ्तारी की लिए छापेमारी कर रही है।
टेंट लगाकर बेचता है बादाम
मिली जानकारी के अनुसार, मो. मोहसिन अपने साला बिलाल के साथ दीघा थाना अंतर्गत एचडीएफसी बैंक के आगे टेंट लगाकर बादाम बेचता है और रात में वहीं सो भी जाता है। बुधवार की रात मोहसिन अपने साला के साथ टेंट में ही सो गया था। गुरुवार की अहले सुबह 3 बजे के करीब इनके टेंट में 4 अपराधी लूटपाट के इरादे से पहुंचे। उनकी नजर इनके कमाए कैश के साथ मोबाइल पर भी थी। अपराधियों ने इनके मोबाइल को लूटने की जैसे ही कोशिश की, वैसे ही मोहसिन और उसके साले में विरोध किया। इसके बाद एक अपराधी ने कट्टा निकाल कर सीधे मोहसिन के सीने में गोली मार दी। फिर वहां से सारे अपराधी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही दीघा थाना की पेट्रोलिंग टीम पहुंची। इसके बाद घायल को इलाज के लिए पीएमसीएच ले जाया गया।
पूरी घटना सीसी कैमरे में कैद
थानेदार राजकुमार पांडेय के अनुसार, घायल का बयान दर्ज कर लिया गया है। पूरी घटना बैंक के बाहर लगे एचडीएफसी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जब उसके फुटेज को खंगाला गया तो उसमें 4 अपराधी दिखे। फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उसके गिरफ्तारी की लिए छापेमारी कर रही है।
यूपी का रहने वाला है मो. मोहसिन
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मो. मोहसिन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले का रहने वाला है। काफी समय से पूरा परिवार संबल में रह रहा है। फिलहाल परिवार पटना में किराए के मकान में रहता है। ये लोग हर साल नवंबर से मार्च महीने तक पटना में रहकर मुंगफली बेचते हैं।

You may have missed