February 20, 2026

खबरें फतुहा की : आम सभा का आयोजन, 591 बच्चे को लगा टीका, महिला और बेटा गिरफ्तार

पंचायत सरकार चलाने के लिए आम सभा का आयोजन
फतुहा। पटना के फतुहा प्रखंड के पंचायतों में पंचायत सरकार चलाने के लिए आम सभा का आयोजन शुरू हो गया है। मंगलवार को पहली आमसभा गोरी पुंदाह पंचायत के गोरी पुंदाह गांव के सामुदायिक भवन में आयोजित की गई। आम सभा में ग्रामीणों ने पंचायत के विकास के लिए कई प्रस्ताव लाए। ग्रामीणों द्वारा पूर्व के काल में आधे अधुरे रहे योजनाओं को पुन: क्रियान्वित कर पूरा करने की मांग की गई। गली, सड़क व बिजली की समस्या भी प्रस्ताव के रुप में उठाया गया। जल जीवन हरियाली के तहत भी आधी अधुरी रही पईन को अतिक्रमण मुक्त करा पूरा कराने का भी प्रस्ताव लाया गया। बाढ़ से खेतों में होने वाली प्रभाव को भी कम करने का प्रस्ताव लाया गया। ग्रामीणों ने इंदिरा आवास का भी मुद्दा उठाया। आम सभा में उपस्थित मुखिया रंधीर कुमार ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि आम सभा में आए सभी प्रस्ताव को प्रखंड मुख्यालय में उठाया जाएगा तथा प्रस्ताव पारित होते ही योजनाओं पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। आम सभा में उपमुखिया, सभी निर्वाचित वार्ड सदस्य तथा प्रखंड कार्यालय का एक प्रतिनिधि मौजूद थे।

सीएचसी क्षेत्र में 591 बच्चे को लगा टीका


फतुहा। दूसरे दिन मंगलवार को सीएचसी क्षेत्र में कुल 591 बच्चे को टीका लगाया गया। वहीं प्रखंड के कई स्कूलों में भी बच्चों को टीका लगाने हेतु कैम्प आयोजित किया गया। फतुहा हाईस्कूल में 100 जेठुली माध्यमिक विद्यालय में 54, मोजीपुर विद्यालय में 48, मासाढी विद्यालय में 40, बलवा हाईस्कूल में 28, कोल्हर विद्यालय में 28, रसलपुर विद्यालय में 28, डुमरी विद्यालय में 10 तथा व्यापार मंडल कन्या हाईस्कूल में 30 बच्चे को टीका लगाया गया। सभी बच्चे 15-18 वर्ष के बीच के थे। चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुधा शंकर राय ने बताया कि सीएचसी क्षेत्र के कई जगहों पर कोरोना जांच अभियान भी चलाया गया लेकिन एक भी पॉजिटिव केस नहीं मिला।

विदेशी शराब के साथ महिला और बेटा गिरफ्तार
फतुहा। मंगलवार को नदी थाना पुलिस ने अपने क्षेत्र के कृपाल टोला से तीस लीटर विदेशी शराब के साथ एक महिला व उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की है। गिरफ्तार महिला आशा देवी व उसका बेटा सोनू कुमार है। नदी थाना एसएचओ धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि इनके घर से विदेशी शराब को जब्त किया गया है। यह शराब दो अलग-अलग कंपनी के हैं। उनके मुताबिक दोनों मां-बेटा घर में शराब की छोटी खेप रखकर बेचने का काम करते थे। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।

You may have missed