PATNA : मौसम विज्ञान केंद्र का अलर्ट, प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश से बढ़ेगी ठंड
पटना। बिहार के कुछ हिस्सों में दो दिनों तक हल्की व मध्यम स्तर की बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 29 दिसंबर को दिन में अधिकतम तापमान 16-18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के साथ शीतलहर चलने के आसार हैं। यह स्थिति दक्षिण बिहार समेत अन्य स्थानों पर 30 दिसंबर तक बने रहने का पूर्वानुमान है। पिछले 24 घंटों के दौरान 8।5 डिग्री सेल्सियस के साथ गया प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। पछुआ हवा का जोर थमने के कारण रात के तापमान में थोड़ा इजाफा हुआ है। कुछ दिनों पहले तक रात का तापमान पांच से सात डिग्री सेल्सियस तक जाने लगा था। फिलहाल राज्य में पूर्वी हवा का असर बना रहेगा। इससे दिन का तापमान तो गिरेगा, लेकिन रात के तापमान में राहत बनी रहेगी।

मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क बना है। साथ ही 11-13 डिग्री सेल्सियस के बीच न्यूनतम एवं 23-25 डिग्री सेल्सियस के बीच अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, प्रदेश में पूर्वी एवं दक्षिणी पूर्वी हवा का प्रभाव बना हुआ है। वहीं, दक्षिण पश्चिम बिहार के ऊपर चक्रवाती सिस्टम बना है। इन सभी मौसमी प्रभाव के कारण मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आकाश में बादल छाए रहने के आसार हैं। मौसम शुष्क बना रहेगा।

