बिहार में अगले 2 दिनों तक ठंड से होगी थोड़ी राहत, 3 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान
पटना। बिहार में अगले 48 घंटे तक ठंड से थोड़ी राहत होगी। रात के तापमान में गिरावट नहीं होने से ठंड का असर नहीं दिखेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के ऊपर बने उच्च दबाव के क्षेत्र के कारण मौसम शुष्क व स्थिर बना रहेगा। पूर्वानुमान है कि आने वाले 48 घंटे के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया की मौसम शुष्क और स्थिर रहने के कारण ठंड से राहत होती है। आने वाले 48 घंटे तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। एक सप्ताह से ठंड बढ़ गई थी, लेकिन राज्य के ऊपर उच्च दबाव होने के कारण मौसम में बदलाव आ रहा है।

जानिए कैसा होगा मौसम
जानकारी के मुताबिक, उत्तरी एवं उत्तर पश्चिमी हवा का प्रवाह जारी है। उच्च दबाव का क्षेत्र राज्य के ऊपर बना हुआ है। इस कारण मौसम शुष्क एवं स्थिर बने रहने का अनुमान है। अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के एक या दो स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा अथवा धुंध छाए रहने की संभावना है। अगले 24 घंटे के दौरान रात के तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में दो से 3 डिग्री की गिरावट होगी। इस दौरान आसमान पूरी तरह से साफ रहेगा।
24 घंटे में तापमान में हुई वृद्धि
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य का मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहा। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री और अधिकतम 22 से 23 से डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य का सबसे कम तापमान गया में 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पटना में 8.5 डिग्री, भागलपुर 10.8 डिग्री, पूर्णिया 10.3 डिग्री, वाल्मिकीनगर 9.5 डिग्री, मुजफ्फरपुर 11.6 डिग्री, छपरा 10.2 डिग्री दरभगा 10.6 डिग्री, फारिबशगंज 12 डिग्री और सुपौल 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राज्य में एक या दो स्थानों पर कोहरा छाया रहा। वहीं सबसे कम विजिबिलिटी 800 मीटर गया एवं पूर्णिया में दर्ज की गई।

