CM नीतीश कुमार के समाज सुधार अभियान पर तेजस्वी ने किया हमला, ट्वीट कर कसा तंज़
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज से जिलों की यात्रा पर निकल रहे हैं। समाज सुधार अभियान का आगाज मोतिहारी से हो रहा है। इस अभियान के माध्यम से मुख्यमंत्री की नशा मुक्ति के साथ ही बाल विवाह उन्मूलन और दहेज प्रथा उन्मूलन को लेकर लोगों को जागरूक करने की योजना है। जिसको लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। इस बार उनके निशाने पर सीएम के समाज सुधार कार्यक्रम है। जिसको लेकर तेजस्वी ने सवाल उठा दिए हैं। शादी के बाद पहली बार ट्विटर पर आए तेजस्वी यादव ने समाज सुधार कार्यक्रम को लेकर उन्होंने एक के बाद दो ट्विट किए हैं। उन्होंने लिखा है कि “16 वर्षों के आदरणीय मुख्यमंत्री नीतीश जी, बिहार को ‘समाज सुधार’ से अधिक ‘व्यवस्था सुधार’ यात्रा की आवश्यकता है क्योंकि व्यवस्था दुरुस्त होने से अधिकांश सामाजिक समस्याएँ स्वतः दूर हो जाएंगी। प्रदेश में प्रशासनिक अराजकता व्याप्त है। मानिए, आपका “SYSTEM” पूर्णतः ध्वस्त हो चुका है। ”

वहीं अपने दूसरे ट्विट में तेजस्वी ने लिखा कि ‘मुख्यमंत्री जी, क्या बिहार की बदहाल शिक्षा, स्वास्थ्य व विधि व्यवस्था, महंगाई, भ्रष्टाचार, गरीबी, पलायन और बेरोजगारी सरकार की व्यवस्था संबंधित सबसे बड़ी सामाजिक समस्याएँ नहीं है? आप इन सामाजिक खामियों, समस्याओं और प्रशासनिक विफलताओं पर यात्रा कर इन्हें दूर क्यों नहीं करना चाहते?’बता दें की समाज सुधार अभियान के दौरान मुख्यमंत्री खासकर जीविका दीदियों से रू-बरू होंगे, उनसे बातचीत करेंगे और उनसे अनुभव साझा करने की योजना है। नीतीश कुमार की सभाएं भी होंगी और इस दौरान कई मुद्दों पर सीएम जनता से रूबरू होंगे। सीएम आज से अगले 15 जनवरी तक एक दर्जन जगहों की यात्रा करेंगे। इस क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संबंधित क्षेत्र की विकास योजनाओं की समीक्षा भी अपने स्तर पर करेंगे।

