February 12, 2026

पटना में बड़ा हादसा : 11 हजार वोल्ट के बिजली के संपर्क में आने से दो बहनों की मौत, बालकनी में पाइप लगाने के दौरान हुई घटना

पटना। राजधानी पटना में छोटी दिपावली को बड़ा हादसा हो गया। कदमकुआं थाना क्षेत्र के काशीनाथ लेन में बुधवार दोपहर एक घर में बिजली की चपेट में आने से दो सगी बहनों की झुलसने से मौत हो गई। दुर्घटना घर में ही दूसरी मंजिल पर बालकनी में पाइप लगाने के दौरान हुई है।
बताया जाता है कि कदमकुआं इलाके के काशीनाथ लेन में तीन मंजिला मकान में पिता की ग्राउंड फ्लोर पर अंजलि स्वीट्स नाम की मिठाई की दुकान है। दोपहर तीन बजे के करीब पाइप लगाने वाले मिस्त्री ने दोनों बहनों अंजलि (25 वर्ष) और नंदनी (22 साल) को पकड़ने के लिए कहा था। तब दोनों बहनें घर की साफ-सफाई में लगी थी। फर्श पर पानी था। बालकनी में पाइप पकड़ने के दौरान ही वह बाहर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट की लाइन से सट गयी। इसके बाद पाइप में आग लग गई। जिससे दोनों बहनों की मौत हो गई। नंदनी की हाल ही में कोर्ट में शादी हुई थी। जब चीख-पुकार मची तो पिता दौड़ते हुए आए और बेटियों को छुड़ाने की कोशिश में वह खुद भी बिजली का झटका खाकर गिर पड़े।

इस दौरान मिस्त्री भाग खड़ा हुआ। अगल-बगल के लोगों ने बिजली विभाग को कॉल कर बिजली कटवाई। पुलिस और फायर ब्रिगेड को भी सूचना दिया, लेकिन तब तक अनहोनी हो चुकी थी। दोनों बहनों की बिजली के तगड़े झटके से झुलस कर जान चली गई। मरने वाली लड़कियां चार बहनें थी। एक भाई भी था। घटनास्थल पर काफी गहमागहमी का माहौल है। स्थानीय थाने की पुलिस के साथ कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके के लोगों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है।

You may have missed