PATNA : त्रिदिवसीय फोटो प्रदर्शनी सह खादी मेला संपन्न, मंत्री बोले- ओछी मानसिकता वाले आलोचकों को भी लेना पड़ता है गांधी के नाम का सहारा
पटना। गांधी जयंती के अवसर पर राजधानी पटना के भारतीय नृत्य कला मंदिर में चल रहे त्रिदिवसीय गांधी चित्र-प्रदर्शनी सह खादी-मेले का सोमवार को समापन हो गया। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के रीजनल आउटरीच ब्यूरो, पटना द्वारा किया गया। समापन कार्यक्रम में बिहार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थिति हुए।


अपने संबोधन में गांधीजी का स्मरण करते हुए मंत्री ने कहा कि बिहार की धरती ने ही गांधी को महात्मा बनाया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के बारे में कोरी बातें करने से कुछ नहीं होगा। जब भी हम गांधी जी की चर्चा के किसी भी कार्यक्रम में जाएं तो कम से कम उनके एक विचार को अपनाने का संकल्प लेकर लौटें। उद्योग मंत्री ने कहा कि यह हम सब का सौभाग्य है कि दुनिया में कहीं भी जब अहिंसा की बात होती है, तो भारत से महात्मा गांधी जी का नाम आता है। हालांकि ओछी मानसिकता वाले कुछ लोग भले ही उनकी आलोचना कर ले लेकिन नाम कमाने के लिए उन आलोचकों को भी गांधी के नाम का सहारा लेना पड़ता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जो भीड़ के विपरीत खड़ा हो जाए वही सच्चा गांधी है।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी गांधीजी के विचारों के ध्वजावाहक हैं। गांधीजी के स्वच्छता,, स्वदेशी व आत्मनिर्भरता के विचारों को प्रधानमंत्री ने अपने जीवन का मिशन बनाया है। मोदी जी ने खादी फॉर नेशन, खादी फॉर फैशन का आवाहन किया है। खादी हमारे स्वास्थ्य और विचारों के लिए फायदेमंद है। उन्होंने खुशी जाहिर की कि आज बुनकरों, हस्तशिल्पयों और खादी के प्रति लोगों का लगाव बढ़ा है। इससे पहले उन्होंने महात्मा गांधी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित किया और उनके जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी को देखा। इस अवसर पर उन्होंने इस त्रिदिवसीय कार्यक्रम के तहत हुए चित्रकला, निबंध, प्रेस विज्ञप्ति लेखन, प्रश्नोत्तरी और अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया।

समापन कार्यक्रम के स्वागत संबोधन में रीजनल आउटरीच ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अपर महानिदेशक शैलेंद्र कुमार मालवीय ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य गांधी जी के व्यक्तित्व,विचारों और प्रधानमंत्री के आह्वान को युवाओं तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम को खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग पटना के निदेशक हनीफ मेवाती और उद्योग विभाग बिहार सरकार के विशेष सचिव दिलीप कुमार ने भी संबोधित किया और सभी से अपील की कि खादी को अपनाकर आत्मनिर्भर बने। समापन कार्यक्रम में सुरांजन सांस्कृतिक दल द्वारा गांधीजी के प्रिय भजन और उनके जीवन व संदेशों पर आधारित नाटक भी पेश किया गया।

