PATNA : हारे सरपंच प्रत्याशी को जीत का प्रमाण पत्र देने पर प्रखंड कार्यालय पर हंगामा, दुबारा मतगणना कराने की मांग
पालीगंज। पटना के पालीगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को दहिया पंचायत के सरपंच प्रत्याशी के समर्थकों ने हारे हुए सरपंच प्रत्याशी को जीत का प्रमाण पत्र देने का आरोप लगा जमकर हंगामा किया। वहीं उन मतदाताओं ने दुबारा मतगणना तथा उचित जांचोपरांत निर्णय लेने का मांग किया है।
मौके पर दहिया पंचायत के सरपंच प्रत्याशी राम लखन ने बताया कि प्रखंड में हुए पंचायत चुनाव के दौरान बीते 29 सितंबर को दहिया पंचायत में मतदान कराई गई थी। जिसकी मतगणना खिरीमोड़ स्थित सरकारी आईटीआई भवन में 1 अक्टूबर को कराई गई। मतगणना के बाद मेरी जीत की घोषणा भी की गई। जबकि हारे हुए प्रत्याशी उदय कुमार ने अपनी हार स्वीकार करते हुए मोबाइल के माध्यम से लोगों को जानकारी दिया। जिसकी आॅडियो भी वायरल है। उस वक्त मतगणना के बाद मुझे सोमवार को प्रमाण पत्र देने की बात कहकर घर भेज दिया गया। लेकिन जब मैं प्रमाण पत्र लेने सोमवार को पहुंचा तो वहां प्रमाण पत्र हारे हुए प्रत्याशी उदय कुमार के नाम से निर्गत की गई थी। वहीं उन सभी मतदाताओं ने दुबारा मतगणना कराने व जांचोपरांत उचित कार्रवाई करने की मांग किया है।
वहीं प्रदर्शनकारियों ने बीडीओ चिरंजीवी पांडेय की कार्यालय को बंद देख बिना लिखित शिकायत किये पटना डीएम कार्यालय व जिला निर्वाचन कार्यालय में शिकायत करने की बात कहकर पटना की ओर रवाना हो गया। इस संबंध में पालीगंज बीडीओ चिरंजीवी पांडेय ने बताया कि सारे आरोप बेबुनियाद हैं। एआरओ के द्वारा जांच के बाद आई रिपोर्ट के अनुसार प्रमाण पत्र निर्गत किया गया है।


