BIHAR : खुशी बनी मिस और सुखप्रीत कौर बनी मिसेज ग्लोबल बिहार के 7वें सीजन की विजेता
* मिस एंड मिसेज ग्लोबल बिहार के सातवें सीजन का ग्रैंड फिनाले संपन्न

* रैंप पर महिलाओं ने किया नारी शक्ति का प्रदर्शन
पटना। रंग-बिरंगी जगमग रौशनी के बीच जैसे हीं मॉडल्स ने अपनी प्रस्तुति देनी शुरू की, वैसे ही सारा हॉल तालियों से गूंज उठा। मौका था ब्रांड एनसी द्वारा पटना के होटल पनाश में आयोजित मिस एंड मिसेज ग्लोबल बिहार सीजन -7 के ग्रैंड फिनाले का।
कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, कला, संस्कृति एवं युवा मंत्री आलोक रंजन झा व फैशन डिजाइनर सह शो डायरेक्टर नीतीश चंद्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर की।
कार्यक्रम में विशाखा डायना, अनमोला कुमारी, अंजलि राज, इश्मीत चावला, पूजा अन्न शर्मा, आराधना कोमल, सोनल सिंह, समीर परिमल, माया शंकर, प्रेरणा प्रताप, मोना जैन, आरती सिंह, डॉ. एस ए वारसी, रजनीश सिन्हा व मनीषा चौधरी बतौर ऑफिसियल जूरी के रूप में मौजूद थे।

कार्यक्रम की शुरुआत फिनाले के लिए चयनित मिस एवं मिसेज श्रेणी के 20 प्रतिभागिओं द्वारा पहले राउंड यानी साड़ी राउंड से हुई, जिसमें सभी प्रतिभागिओं ने भारतीय परिधान में अपना जलवा बखेरा। इसके बाद थीम शक्ति के तहत दूसरे राउंड में नारी शक्ति रूप का प्रदर्शन किया गया, जिसमें महिलाओं ने पगड़ी, बड़ी लाल बिंदी, हाथों में तलवार लेकर इंडो वेस्टर्न परिधान में अपना बेहतर प्रदर्शन दिया। दूसरे राउंड सीक्वेंस के बाद मॉडल्स द्वारा टैलेंट राउंड दिया गया। इसके पश्चात गाउन राउंड का आयोजन हुआ। जिसमें सभी प्रतिभागिओं ने बहुत ही खूबसूरती से अपने-अपने परिधानों को दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया। इस तीसरे राउंड के पश्चात सभी प्रतिभागिओं से उपस्थित निर्णायकों द्वारा सवाल-जवाब किया गया, जिसका प्रतिभागियों ने बड़े ही आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति को कला के माध्यम से आगे बढ़ाने का जो नीतीश चंद्रा कार्य कर रहे हैं, वह कबीले तारीफ है। कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाली सभी प्रतिभागी इस मंच के माध्यम से आगे निकलकर अपने राज्य व देश का नाम रौशन करें।
वही मंत्री श्री झा ने कहा कि ऐसे ही बेहतरीन आयोजनों से महिलाओं में कला के प्रति रूचि बढ़ रही है। बिहार की महिलाएं कला के क्षेत्र में आज बहुत आगे बढ़ चुकी हैं। ऐसे कार्यक्रमों कि हम सराहना करते हैं जिससे नारी शक्ति का मनोबल बढ़े।

मौके पर उपस्थित देश के जाने – माने फैशन डिजाइनर व इस शो के डायरेक्टर नीतीश चंद्रा ने बताया कि इस सीजन के लिए देश के विभिन्न प्रांतों में रहने वाली 300 से अधिक बिहारी महिलाओं ने मिस और मिसेज केटेगरी के लिए अपना ऑनलाइन ऑडिशन दिया था, जिसमें से 20 बेहतरीन प्रतिभागियों का चयन फिनाले के लिए किया गया था। बिहार, यूपी, झारखण्ड, कर्नाटक, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता आदि शहरों से शामिल हुई ये सभी महिलाएं अलग-अलग पेशे से आती है, जिनमें हाउस वाइफ, बैंकर, डॉक्टर, मॉडल शामिल हैं। चंद्रा ने बताया कि खुशी मिस और सुखप्रीत कौर मिसेज ग्लोबल बिहार के सातवें सीजन की विजेता बनी। वहीं अलका सिंह को मिस केटेगरी का गुडविल ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया जबकि पूजा पांडेय को मिसेज केटेगरी का गुडविल ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागिओं को ट्रॉफी एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अंत में आगत अतिथिओं द्वारा समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 50 बिहारियों को भी सम्मानित किया गया।

