तेजस्वी ने राघोपुर में बाढ़ का लिया जायजा, लोगों से सुनी तबाही की दास्तां, किया फेसबुक लाइव
पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में बाढ़ का जायजा लिया। उनके साथ महुआ विधायक भी थे। प्राइवेट नाव से बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच पहुंचे तेजस्वी ने उनकी परेशानी के बारे में जाना। उन्होंने तेरसिया जाकर पिछले दिनों हुए नाव हादसे की जानकारी ली। हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई थी। पीड़ित परिजनों से मिले। इस दौरान उनके साथ पार्टी के कई कार्यकर्ता और नेता भी थे।


बाढ़ प्रभावित इलाकों का भ्रमण करने के दौरान तेजस्वी खुद सोशल मीडिया पर लाइव आकर वहां के हालात बता रहे थे। फेसबुक लाइव करने के दौरान नाव पर मौजूद लोगों से क्षेत्र की जानकारी भी ले रहे थे। इस दौरान वह बाकायदा अपने कैमरामैन से बोलकर चारों तरफ के दृश्य दिखवा रहे थे। तेजस्वी ने बताया- “ग्राउंड पर क्या हालात हैं? कैमरों की नजर से दिखाया कि आखिरकार कैसे पूरा इलाका जलमग्न है। तेरसिया में जिन दो बच्चों की मौत हुई है। पार्टी की ओर से उनके परिजनों को 25-25 हजार की राशि दी जाएगी।’
वहीं तेजस्वी ने बाढ़ का जायजा लेते हुए तस्वीर ट्वीट कर लिखा, आज विभिन्न बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर बाढ़ पीड़ितों के दु:ख-दर्द जाना। बिहार के 40 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित है। राहत और बचाव करने में डबल इंजन सरकार असमर्थ है। सरकार साहेब के हवा-हवाई सर्वेक्षण का नतीजा भी हवा-हवाई है।

