August 25, 2026

जमुई में ग्रामीणों ने प्रेमी जोड़े को पेड़ व बिजली के खंभे से बांधा, जमकर पिटाई के बाद जिंदा जलाने की कोशिश

जमुई। जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र में हरमा पहाड़ी गांव में ग्रामीणों ने एक प्रेमी युगल को पकड़कर पेड़ व बिजली के खंभे से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई की।

आरोप है कि इसके बाद उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की जा रही थी। लेकिन सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाया।

जानकारी के अनुसार, पांच दिन पहले चार बच्चों की मां गिरजा देवी अपने प्रेमी रंजीत दास के साथ फरार हो गई थी। गांव वालों ने फरार प्रेमी जोड़े को पकड़ लिया।

इसके बाद उन्हें गांव लेकर आए और यहां उनकी जमकर पिटाई की। बताया जा रहा है कि प्रेमी जोड़ा हरमा पहाड़ी गांव का ही रहने वाला है।

हरमा पहाड़ी गांव की रहने वाली गिरिजा देवी का अपने गांव के रंजीत दास के साथ काफी सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पांच दिन पहले दोनों के परिजनों के बीच झगड़ा हुआ था।

इसके बाद चार बच्चों की मां अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। कुछ ग्रामीणों ने दोनों को लक्ष्मीपुर इलाके के जंगल में पकड़ लिया।

वे दोनों को गांव लेकर गए। जहां महिला को बिजली खंभे से तो युवक को पेड़ से बांध दिया। इसके बाद दोनों की पिटाई की गई। फिर मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की जा रही थी।

इसी बीच सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों के बयान के आधार पर एफआईआर की गई।

You may have missed