इंद्र भगवान ने खोली पटना नगर निगम के दावों की कलई, राजधानी के 150 से अधिक मोहल्लों में जलजमाव, जनजीवन अस्त-व्यस्त

पटना। मानसून ने एक बार फिर पटना नगर निगम के तमाम दावों की कलई खोल कर रख दिया। शुक्रवार देर रात हुई तेज बारिश से राजधानी के 150 से अधिक मोहल्लों में जलजमाव हो गया है, जिससे लोगों को घर से निकलने में परेशानी हो रही है। कई इलाकों में घुटने तक पानी भर आया है। लोग किसी तरह धक्का देकर गाड़ियों को पानी से निकाल रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 145.4 एमएम बारिश हुई और अभी भारी वर्षा के आसार भी बन रहे हैं। राज्य के सभी 38 जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी देते हुए लोगों को सावधान किया जा रहा है।
शुक्रवार रात 1 बजे शुरू हुई बारिश
शुक्रवार रात लगभग 1 बजे शुरू हुई बारिश शनिवार सुबह जाकर थमी। रात भर बारिश होने से सड़कों पर पानी भर गया है। कंकड़बाग, गर्दनीबाग, पाटलिपुत्रा, दीघा, आशियाना, राजीव नगर, केसरी नगर, राजेंद्र नगर, मछुआ टोली के साथ कई ऐसे मोहल्ले हैं, जहां लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। नालियां पूरी तरह से ओवर फ्लो हो गई हैं और सड़कें पानी से लबालब हैं। कई इलाकों में तो शुक्रवार रात बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं।
गर्दनीबाग के कई इलाके बने तालाब
गर्दनीबाग के जनता रोड, रोड नं. 16 व 17, अलकापुरी, न्यू अलकापुरी इत्यादि कई इलाके तालाब में तब्दील हो गए हैं। यहां के लोगों का जन जीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। नालियां ओवर फ्लो हो रही है। जिससे नाले का गंदा पानी सड़कों पर आ गया है। लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं नगर निगम इन इलाकों से पानी निकालने में असमर्थ दिख रही है।


बोरिंग रोड की गलियां खतरनाक
बोरिंग रोड और आसपास के इलाकों में भारी बारिश के कारण कमोबेश यही स्थिति है। सुबह-सुबह दूध, फल और सब्जियां लेने के लिए निकले लोगों को पानी में चलकर किसी तरह बाहर निकलना पड़ा। लोगों ने बताया कि डर तो सबसे अधिक खुले मेनहोल का लगता है। अगर गलती से पांव गया तो क्या होगा। एक तो इतना पानी है, ऊपर से मेन होल के खुले होने का भी कोई ठिकाना नहीं।
रामकृष्णा नगर में पानी में बंद हो जा रही गाड़ियां
रामकृष्णा नगर में जलजमाव से घुटने तक पानी भर आया है, जिससे लोगों को घर के बाहर निकलने में सौ मर्तबा सोचना पढ़ रहा है। गाड़ियों को निकालने में लोगों की सांसें फूल रही हैं। बाइक तो आधा से अधिक पानी में डूबकर किसी तरह निकल पा रहे हैं। ऐसे में कई गाड़ियां पानी में ही बंद हो जा रही हैं। लोगों की मदद से गाड़ी को पानी से बाहर निकालना पड़ रहा है।
अनीसाबाद पुलिस कॉलोनी में घुटने तक पानी
अनीसाबाद के पुलिस कॉलोनी में भी घुटने तक पानी भर आया है। लोगों का अपने घरों से निकलना मुहाल है। सड़क के दोनों तरफ घर हैं, जिसके बाहर एक इंच भी सड़क नहीं दिखाई दे रहा है। बारिश में हर साल सड़क का यही हाल होता है। एक तो सड़क पानी से भर जाता है, दूसरा नाले भी ओवरफ्लो होने लगते हैं, जिसके कारण पानी में निकलना परेशानी का सबब बन जाता है।
इन इलाकों में भी भरा पानी
यहीं नहीं नागेश्वर कॉलोनी, पाटलिपुत्रा कॉलोनी, पाटलिपुत्रा गोलंबर, गोरखनाथ पथ में भी पानी भरा है। जल जमाव के कारण सुबह घर से काम पर निकल रहे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पाटलिपुत्रा गोलंबर पर भारी जल जमाव से आसपास के तमाम इलाके जलमग्न हो गए। रूबन अस्पताल के पास भी जलजमाव के कारण अस्पताल पहुंचने में मरीजों को दिक्कतें हुई।

You may have missed