BIHAR : सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करते हैं तो कोरोना अलर्ट डिवाइस करेगी आपकी मदद
पटना। देश में कोरोना संक्रमण दूसरी लहर चल रही है। मामले लगातर बढ़ रहे हैं। कोरोना से बचाव का सबसे असरदार तरीका है सोशल डिस्टेंसिंग। हालांकि जाने-अनजाने में लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करते हैं। ऐसे में कोरोना अलर्ट डिवाइस आपकी मदद करेगा। बिहार के दो बच्चों ने कोरोना से बचने के लिए कोरोना अलर्ट डिवाइस बनाया है। इस डिवाइस को पटना के किलकारी संस्था से जुड़े अर्पित और अभिजीत नाम के दो छात्रों ने मिलकर बनाया है। ये डिवाइस बैज की तरह आपकी पॉकेट में लग सकती है। केंद्र सरकार ने इसे पेटेंट प्रमाण पत्र दे दिया है। इसके बाद किलकारी संस्था से जुड़े बच्चों के हौसले बुलंद हैं।
डिवाइस की खासियत
आपके शरीर के एक मीटर के दायरे में यदि कोई दूसरा शख्स आता है तो इस डिवाइस का सेंसर दूसरे शख्स की बॉडी के तापमान को भांपकर अलार्म बजा देगा। 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले अर्पित ने इस बैज को 10वीं में पढ़ने वाले अभिजीत के साथ मिलकर बनाया है। अर्पित के पिता एक निजी अस्पताल में काम करते हैं और वे वैज्ञानिक बनना चाहते हैं।
कोरोना अलर्ट डिवाइस क्यों बनाया
डिवाइस को लेकर अर्पित का कहना है कि कोरोना काल में जब लॉकडाउन लगा तो सभी किसी न किसी तरीके से कोरोना से बचाव को लेकर अपना योगदान देने लगे थे। बाजार में बॉडी टेंपरेचर को मापने के लिए कई तरह की टेंपरेचर मशीन उपलब्ध थे। लेकिन वो काफी महंगे और यूज टू नहीं थे। ऐसे में हमने कोरोना अलर्ट डिवाइस पर काम करना शुरू किया। हमने केंद्र सरकार के पास बैज को पेटेंट करने के लिए भेजा और उन्हें इसमें सफलता मिली।


