PATNA : हवाई यात्रियों को सही तरीके से मास्क नहीं पहनना पड़ने वाला है बहुत महंगा, डीजीसीए के निर्देश पर बन रही रिपोर्ट

पटना। हवाई यात्रा करने वालों को सही तरीके से मास्क नहीं पहनना बहुत महंगा पड़ने वाला है। जी हां आपने सही सुना, बीते 13 मार्च को इस बाबत डायरेक्टोरेट जनरल आफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) से आदेश आने के बाद 14 मार्च से ही हवाई यात्रियों की रिपोर्ट तैयार हो रही है। जो भी मास्क नहीं लगाएंगे और टोके जाने पर जिरह करते हुए निर्देश नहीं मानेंगे, ऐसे यात्रियों का नाम ‘नो फ्लाई लिस्ट’ में डाल दिया जाएगा। इसके बाद वह छह माह से लेकर उम्र भर तक हवाई यात्रा नहीं कर सकेंगे। पटना एयरपोर्ट पर भी इस निर्देश के बाद सख्ती बरती जा रही है, हालांकि यह नहीं बताया गया है कि अब तक इस रिपोर्ट में कोई नाम आया है या नहीं।
पटना एयरपोर्ट पर बरती जा रही है सख्ती
डीजीसीए द्वारा जारी निर्देशों को लेकर पटना एयरपोर्ट प्रशासन भी सख्ती बरती जा रही है। एयरपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार हालांकि अभी तक किसी यात्री पर ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। लेकिन एक बार फिर से बढ़ रहे कोरोना के मामलों को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। बिना मास्क के यात्रियों को एयरपोर्ट में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन सख्ती से कराया जा रहा है। कोई भी यात्री डीजीसीए के निर्देशों का उल्लंघन करता दिखेगा तो उन्हें नियमानुसार सजा मिलेगी।
डीजीसीए का यह है निर्देश
डीजीसीए ने बीते मार्च में दो बार हवाई यात्रियों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। ताजा निर्देश 30 मार्च को आया था। इसमें एयरपोर्ट परिसर से लेकर फ्लाइट में चढ़ने तक के दौरान यात्रियों को सही तरीके से मास्क लगाना सुनिश्चित कराने को कहा गया है। इसके लिए एयरपोर्ट प्रशासन को स्थानीय पुलिस की मदद लेने को भी कहा गया है। एयरपोर्ट परिसर में यात्रियों को मास्क इस तरह से लगाना है कि (विशेष परिस्थितियों को छोड़कर) नाक और मुंह हर हाल में ढका रहे। ऐसा न करने वाले यात्रियों से स्पॉट फाइन लेने या फिर उन्हें स्थानीय पुलिस को सौंप देने के निर्देश सीआईएसएफ को दिए गए है।
वहीं इससे पहले डीजीसीए ने 13 मार्च को भी एक निर्देश जारी किया था। इसमें कहा गया था कि ऐसा देखने को मिल रहा है कि एयरपोर्ट परिसर में कई यात्री बिना मास्क लगाए घूमते मिलते हैं। अगर मास्क लगाते भी हैं तो वो गले तक लटका रहता है। कई यात्री ऐसे भी दिख रहे हैं जो फ्लाइट के दौरान भी सही तरीके से मास्क नहीं लगा रहे हैं। ऐसे में एयरपोर्ट परिसर में सही तरीके से मास्क का उपयोग न करने वालों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए थे। साथ में फ्लाइट के दौरान भी यात्रियों को मास्क लगाए रखने को कहा गया था। ऐसा न करने पर पहले समझाने को कहा गया। अगर यात्री फिर भी बात न माने तो उन्हें ‘उपद्रवी’ करार देकर उनका नाम ‘नो फ्लाई लिस्ट’ में डाल दिया जाए।
क्या होता है नो फ्लाई लिस्ट
विमान यात्रियों के लिए एक गाइडलाइन होती है। विमान में खराब व्यवहार करने, मारपीट करने, नशा करने या दूसरे यात्रियों या क्रू मेंबर को परेशानी में डालने का काम करने वाले यात्रियों को नो फ्लाई लिस्ट में डाल दिया जाता है। इसके बाद वे विमान में यात्रा नहीं कर पाते हैं।

You may have missed