September 21, 2026

पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर बड़ा हादसा: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पलटी, पति-पत्नी व बेटी की दर्दनाक मौत, सभी जा रहे थे बाढ़

बख्तियारपुर/बाढ़। पटना में शुक्रवार की अहले सुबह दर्दनाक हादसा हुआ है। पटना-बख्तियारपुर एनएच-30 पर करौटा में जगदम्बा स्थान देवी मंदिर से करीब 100 मीटर पहले सैदपुर गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो हाइवे पर पलट कर दूर खेत में जा गिरी। इस दौरान स्कॉर्पियो कई दफा पलटी, जिससे गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। इस भीषण सड़क दुर्घटना में स्कॉर्पियो में सवार दंपती और उनकी बच्ची की मौत हो गई है। घटना की सूचना स्थानीय लोगों को बहुत देर बाद हुई। फिर स्थानीय थाने की पुलिस को जानकारी दी गई, तब पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर की छानबीन के बाद मरने वालों की पहचान हो पाई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शवों को गाड़ी से बाहर निकाला और मौके पर मिले एक पहचान पत्र के जरिये सभी की पहचान की। मरने वालों की पहचान बिहटा के सिकंदरपुर निवासी रंजीत सिंह के पुत्र और व्यावसायिक वाहन कारोबारी अमरेश कुमार (30 वर्ष), उनकी पत्नी खुशी देवी एवं 5 वर्षीय बच्ची आराध्या कुमारी के रूप में हुई है।


मिली जानकारी के अनुसार, बालू और गिट्टी का कारोबार करने वाले अमरेश शर्मा अपनी पत्नी और बेटी को लेकर बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बेढ़ना गांव अपने साढ़ू के यहां जा रहे थे। लेकिन, वहां पहुंचने से पहले ही पूरा परिवार बड़े हादसे का शिकार हो गया। उन्होंने अपने चाचा की स्कॉर्पियो ली थी। वह खुद ही स्कॉर्पियो ड्राइव कर रहे थे। बख्तियारपुर फोरलेन पर सालिमपुर जगदंबा स्थान के समीप के पास उनका नियंत्रण वाहन पर नहीं रहा और उनकी गाड़ी सड़क से उतरकर काफी दूर खेत में चली गई। इससे लग रहा है कि हादसे के वक्त उनकी गाड़ी काफी तेज रफ्तार में रही होगी। बताया जाता है कि अमरेश अपने घर के इकलौते वारिस थे। पांच साल पहले बिक्रम के शाहजहांपुर निवासी खुशी कुमारी के साथ उनकी शादी हुई थी। शादी के बाद दंपती को एकमात्र औलाद बच्ची हुई थी, जो इस हादसे में चल बसी।
इधर, सालिमपुर के थानेदार संजय कुमार के अनुसार, बिहटा के सिकंदरपुर निवासी अमरेश शर्मा अपने घर बिहटा से अपने साढ़ू के घर पत्नी एवं पांच वर्षीय बेटी के साथ स्कॉर्पियो ड्राइव करते हुए बेढना, बाढ़ जा रहे थे। रास्ते में सालिमपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव के समीप स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खेत में काफी दूरी तक चली गई थी। जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तब तक हादसे में स्कॉर्पियो में सवार सभी लोगों की मौत हो चुकी थी। मृतक के परिवार को हादसे की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल सभी के शव को पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ के सब डिवीजन हॉस्पिटल में भेज दिया गया है।

You may have missed