नवादा जहरीली शराब कांड : मौतों का सिलसिला जारी, दो और ने तोड़ा दम, संख्या बढ़कर हुई 14
नवादा। बिहार के नवादा में जहरीली शराब कांड में मौतों को सिलसिला लगातार जारी है। जहरीली शराब पीने के मामले में दो और लोगों ने दम तोड़ दिया है। इस तरह होली के दिन से अब तक मृतकों की संख्या बढ़कर 14 तक पहुंच गयी है। इधर, इस मामले में किरकिरी से बचने के लिए स्थानीय प्रशासन जहरीली शराब के पीने से हुई मौतें मानने से लगातार इंकार कर रही है। उधर, घटना में मारे गए दिनेश सिंह की पत्नी प्रियंका देवी ने बताया कि उनके पति बीमार नहीं थे। बाहर से पॉलिथीन वाली शराब पीकर आए थे और घर में उनकी मौत हो गई। वहीं, गोपाल कुमार के भाई चुनचुन कुमार ने बताया कि उसका भाई बाहर से शराब पीकर आया था। तबीयत बिगड़ने पर उसे डॉक्टर के पास लेकर गए, जहां उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, नवादा में जहरीली शराब पीने से गंभीर रूप से बीमार दो लोगों की मौत शुक्रवार की सुबह हो गई है। इनमें से एक का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। बता दें कि अब भी 12 से अधिक पीड़ितों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। बीते गुरुवार को तीन और लोगों ने दम तोड़ दिया था। इनमें से दो की मौत नवादा सदर अस्पताल में हुई थी, जबकि एक ने पटना के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ा था। सभी मृतक नवादा नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। वहीं घटना में एक और व्यक्ति की आखों की रोशनी चली गयी है। इस तरह अब तक दो की आंखों की रोशनी जा चुकी है। वहीं कई मृतकों के परिजन पुलिस और प्रशासन के डर से घर छोड़कर भाग गए हैं। यही नहीं, अफसरों के पहुंचने से पूर्व परिजनों ने सभी मृतकों के शवों का दाह संस्कार कर दिया है।


