September 13, 2026

PATNA : आर ब्लॉक फ्लाईओवर का आर्म-1 मार्च में होगा चालू, मंत्री ने किया स्थलीय निरीक्षण

* आर ब्लॉक से जीपीओ गोलंबर तक ढ़लाई का कार्य हो चुका है पूर्ण
* कुल 628 मी. लंबाई एवं 15 मीटर चौड़ाई में हुआ है निर्माण
* योजना की कुल लागत राशि 166 लाख


पटना। बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने बुधवार को पटना शहर के आर ब्लॉक फ्लाई ओवर के निर्माण कार्यों के प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय श्री सुरेन्द्र यादव, प्रबंध निदेशक, पुल निगम के अतिरिक्त अन्य वरीय पदाधिकारी भी मौजूद थे। निरीक्षण के क्रम में कार्य अंतिम चरण में पाया गया।


मंत्री ने बताया कि इस फ्लाई ओवर के आर्म-2 एवं आर्म-3 में यातायात बीते अगस्त से चालू है। आर्म-1 (आर ब्लॉक से जीपीओ गोलंबर तक) कुल 628 मीटर लंबाई में एवं 15 मीटर चैड़ाई में फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। आर ब्लॉक गोलंबर के पास एलिवेटेड रोटरी का प्रावधान किया गया है, जिसकी औसत लंबाई 125 मी. एवं चौड़ाई 11.50 मी. है।


श्री नवीन ने बताया कि पूर्व में यहां पटना-दीघा रेलवे लाईन हुआ करता था। यातायात अधिक होने के कारण शहर में जाम की स्थिति बनी रहती थी। फ्लाईओवर के बनने से विधानसभा, सचिवालय, एयरपोर्ट आदि स्थानों पर निर्बाध गति से यातायात परिचालन सुनिश्चित हो सकेगा तथा पटना के मुख्य मार्ग जवाहर लाल नेहरू मार्ग पर वाहनों का दबाव काफी हद तक कम हो जायेगा। इस आर्म के चालू हो जाने से पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक 10 मिनट में पहुंचा जा सकता है। श्री नवीन ने इस फ्लाईओवर के सभी कार्यों को पूर्ण कराते हुए इसका उद्घाटन मार्च माह में ही सुनिश्चित कराने हेतु पुल निगम के अधिकारियों को निदेशित किया।

You may have missed