December 5, 2025

CM नीतीश के जन्मदिन पर काटा गया 5 मंजिला केक, RCP बोले- JDU परिवार के लिए त्योहार है विकास दिवस

पटना। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने मंगलवार को नालंदा के अस्थावां विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मुस्तफापुर स्थित अपने बूथ पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 70वें जन्मदिन को विकास दिवस के रूप में मनाया। उन्होंने अपनी पत्नी श्रीमती गिरिजा देवी एवं जदयू नेताओं के साथ मिलकर 70 पाउंड का केक काटा। जदयू कार्यकर्ता बिहार भर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिवस को विकास दिवस के रूप में मना रहे हैं।
बिहारशरीफ से लाया 5 मंजिला केक 
पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिहारशरीफ से 5 मंजिला केक लाकर आरसीपी सिंह के साथ केक काटकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जन्मदिन मनाया। इस मौके पर क्षेत्रीय संगठन प्रभारी डॉ. विपिन कुमार यादव, नालंदा के लोकसभा प्रभारी कुशवाहा, जदयू नेता रोहित सिन्हा, विपिन चन्द्रवंशी, कुमारी दिव्या भारती, सुल्तान अंसारी, मुन्ना सिद्दीकी, रिशु कुमार, ई. अजय कुमार पटेल आदि मौजूद रहे। श्री सिंह ने विकास कार्यों की चर्चा करने के साथ ही महिलाओं के बीच साड़ी और युवकों के बीच टी-शर्ट भी बांटा, साथ ही सभी कार्यकर्ताओं ने मिठाई का आनंद लिया।


विकास दिवस जदयू परिवार के लिए त्योहार
श्री सिंह ने इस अवसर पर कहा कि विकास दिवस जदयू परिवार के लिए त्योहार है। हमारे नेता नीतीश कुमार ने अपने अथक प्रयासों से बिहार को उसका पुराना गौरव वापस दिलाया है। आज बिहारी देश और दुनिया के किसी भी कोने में गर्व के साथ रहते हैं तो यह उन्हीं के प्रयासों से संभव हुआ है। न्याय के साथ विकास की परिकल्पना को उन्होंने बिहार में संभव करके दिखाया और हर क्षेत्र एवं हर तबके को विकास का एक समान अवसर उपलब्ध कराया। आज केन्द्र सहित देश के कई राज्य यहां की योजनाओं को अपना रहे हैं। उनके कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ही जदयू के कार्यकर्ताओं ने उनके जन्मदिन को विकास दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।
पूरे बिहार में जदयू नेताओं ने विकास दिवस मनाया
वहीं दूसरी ओर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने वैशाली के महनार विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कजरी बुजुर्ग में विकास दिवस मनाया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने कार्यों से देश और दुनिया में बिहार को ऊंचाई प्रदान की है। ध्यातव्य है कि जदयू कार्यकर्ताओं ने बिहार के सभी जिलों में बूथ स्तर तक विकास दिवस मनाया। सभी वरिष्ठ पदाधिकारी अपने-अपने बूथ पर रहे। राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र सिंह ने फुलवारी स्थित अपने बूथ पर विकास दिवस मनाया। प्रदेश कोषाध्यक्ष ललन सर्राफ ने मधेपुरा स्थित अपने बूथ पर विकास कार्यों की चर्चा की। जदयू के प्रदेश महासचिव अनिल कुमार भी इस दिन फतुहा स्थित अपने बूथ पर रहे, जहां बच्चियों ने नीतीश कुमार के दीर्घायु होने की कामना करते हुए केक काटा। देश के अन्य राज्यों में भी कार्यकर्ताओं ने इस दिन को पूरे उत्साह के साथ मनाया।

You may have missed