CM नीतीश के 70वें जन्मदिन से होगी विकास दिवस की शुरूआत : आरसीपी

- राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन प्रभारियों के साथ बैठक कर दिए महत्वपूर्ण निर्देश
पटना। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरीसीपी सिंह ने शुक्रवार को जदयू मुख्यालय में संगठन प्रभारियों के साथ बैठक की। बैठक में आरसीपी सिंह ने विकास दिवस की तैयारियों की समीक्षा की और कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। इस दौरान पूर्व विधानपार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, ललन सर्राफ, पूर्व मंत्री लक्ष्मेश्वर राय, राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र सिंह, प्रदेश महासचिव डॉ. नवीन कुमार आर्य, अनिल कुमार, चंदन सिंह, जदयू प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार, जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप, संगठन प्रभारी अशोक कुमार बादल, आसिफ कमाल, मृत्युंजय कुमार सिंह, अरुण कुमार सिंह एवं अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ (दक्षिणी बिहार) के अध्यक्ष प्रवीण चन्द्रवंशी मौजूद रहे। बता दें पार्टी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन 1 मार्च को विकास दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।
श्री सिंह ने कहा कि इस वर्ष हमारे नेता का 70वां जन्मदिवस है। उनके 70वें जन्मदिन से विकास दिवस की भव्य शुरूआत होगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार केवल जदयू के नहीं बल्कि संपूर्ण बिहार के नेता हैं और उनकी राष्ट्रीय पहचान है। उन्होंने बिहार का नवनिर्माण कर देश और दुनिया का ध्यान खींचा है। उन्होंने कहा कि 1 मार्च को पार्टी के सभी साथी अपने-अपने बूथ पर एकत्रित होकर उनके दीर्घायु होने की कामना करेंगे और साथ ही उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों एवं समाज सुधार अभियानों की चर्चा भी करेंगे। इस दिन उनके नेतृत्व में चल रही रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा बिहार को विकसित राज्य बनाने का संकल्प भी लेंगे।
बैठक के दौरान संगठन की मजबूती एवं विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। बैठक में अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एवं प्रभारी विशेष तौर पर चर्चा के लिए बुलाए गए थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी संगठन प्रभारियों को निर्देश दिया कि प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के लिए कारगर साथियों का चयन करें।
